कोलकाता: ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (AITC) के नाम और चुनाव चिह्न का कथित तौर पर दुरुपयोग किए जाने का मामला सामने आया है। पार्टी की राष्ट्रीय संयुक्त सचिव और राज्यसभा सांसद डोला सेन ने कोलकाता के विभिन्न पुलिस थानों में लिखित शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया है कि कुछ लोग फर्जी नोटिस, नकली लेटरहेड और अनधिकृत बैठकों के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। टीएमसी ने इसे पार्टी की छवि खराब करने और संगठन में भ्रम फैलाने की सुनियोजित साजिश बताया है।
व्हाट्सऐप पर वायरल हुआ फर्जी नोटिस
शिकायत के मुताबिक 26 जून को सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप पर एक कथित नोटिस वायरल हुआ, जिसमें कोलकाता नगर निगम के पूर्व पार्षदों को 27 जून को 'कलकत्ता बोटिंग एंड होटल रिसॉर्ट्स' में बैठक के लिए बुलाया गया था। नोटिस में जावेद अहमद खान और सांदीपन साहा को एआईटीसी का "महासचिव" बताया गया, जबकि पार्टी का कहना है कि दोनों इस पद पर नहीं हैं।
पार्टी सिंबल और नाम के दुरुपयोग का आरोप
टीएमसी का आरोप है कि फर्जी नोटिस में पार्टी का नाम और आधिकारिक प्रतीक चिन्ह इस्तेमाल कर उसे अधिकृत बैठक का रूप देने की कोशिश की गई। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं और पूर्व जनप्रतिनिधियों के बीच भ्रम फैलाना तथा समानांतर संगठनात्मक गतिविधियां खड़ी करना था।
नोवोटेल बैठक पर भी उठे सवाल
डोला सेन की शिकायत में 22 जून को न्यू टाउन स्थित एक होटल में आयोजित कथित "विशेष सत्र" का भी जिक्र किया गया है। आरोप है कि वहां भी टीएमसी के नाम और सिंबल का इस्तेमाल कर बैठक आयोजित की गई और इसे पार्टी का आधिकारिक कार्यक्रम बताने की कोशिश हुई। शिकायत में कुछ नेताओं के नाम लेते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की गई है।
फर्जी लेटरहेड से विधानसभा अध्यक्ष को पत्र भेजने का आरोप
टीएमसी ने यह भी आरोप लगाया है कि पार्टी के नाम और प्रतीक का इस्तेमाल कर कथित रूप से फर्जी लेटरहेड तैयार किया गया और उसी के आधार पर विधानसभा अध्यक्ष को पत्र भेजा गया। पार्टी का दावा है कि ऐसा कर संगठन की आधिकारिक पहचान का गलत इस्तेमाल किया गया।
पुलिस से डिजिटल जांच और FIR की मांग
डोला सेन ने पुलिस से भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। शिकायत में व्हाट्सऐप ग्रुप, सोशल मीडिया अकाउंट, डिजिटल डिवाइस, होटल की बुकिंग, सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्ड की जांच कर पूरे नेटवर्क और कथित मास्टरमाइंड का पता लगाने की अपील की गई है।
टीएमसी ने समर्थकों को किया सतर्क
पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत पार्टी संदेशों पर ही भरोसा करें और किसी भी संदिग्ध नोटिस या बैठक में शामिल होने से पहले उसकी पुष्टि कर लें। टीएमसी का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच में वह पुलिस को पूरा सहयोग देगी।