पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के चर्चित नेता जहांगीर खान की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। नेपाल बॉर्डर के पास गिरफ्तारी के बाद अब उनकी पत्नी सरीना बीबी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उन पर समर्थकों के साथ फालता थाने पर हमला करने और पुलिस हिरासत से जहांगीर खान को छुड़ाने की कोशिश करने का आरोप है। इस मामले में अब तक 27 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
थाने के बाहर प्रदर्शन और सुरक्षाबलों पर पथराव का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 16 जून को सरीना बीबी ने बड़ी संख्या में समर्थकों को इकट्ठा कर फालता थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान भीड़ द्वारा पुलिस और केंद्रीय बलों पर पथराव किए जाने का भी आरोप है। इसी मामले में शनिवार सुबह उनकी गिरफ्तारी की गई।
नेपाल भागते समय पकड़ा गया था जहांगीर खान
जहांगीर खान को 8 जून को नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने फालता इलाके में कई बार उसकी परेड कराई थी, जिसमें वह कान पकड़कर और हाथ जोड़कर लोगों से माफी मांगता दिखाई दिया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
'पुष्पा झुकेगा नहीं' कहने वाला नेता चुनाव से पहले हो गया था गायब
जहांगीर खान को टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी का करीबी माना जाता है। विधानसभा चुनाव के दौरान उसने खुद को फिल्म 'पुष्पा' के किरदार की तरह पेश किया था और कई बार "पुष्पा झुकेगा नहीं साला" डायलॉग भी दोहराया था। हालांकि दोबारा मतदान से 48 घंटे पहले उसने चुनावी मैदान छोड़ दिया था।
गैंगरेप की धमकी और अवैध वसूली समेत कई मामले दर्ज
भाजपा की रिकॉर्ड जीत के बाद जहांगीर खान सार्वजनिक जीवन से गायब हो गया था। उसके खिलाफ फालता थाने में सात एफआईआर दर्ज हैं। इनमें अवैध वसूली और महिलाओं को गैंगरेप की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने कलकत्ता हाईकोर्ट में भी याचिका दाखिल की थी।
सीएम ने दिए थे सख्त कार्रवाई के निर्देश
फालता थाने पर हमले की घटना के बाद राज्य सरकार ने वीडियो फुटेज के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस लगातार आरोपियों के खिलाफ अभियान चला रही है।