कूचबिहार: पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के तुफानगंज में शुक्रवार को एक अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। वार्ड संख्या 10 के पूर्व तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता सुब्रत दास उर्फ लिटन पर स्थानीय लोगों ने अंडे फेंककर अपना विरोध दर्ज कराया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।
क्यों भड़का लोगों का गुस्सा?
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पूर्व टीएमसी नेता पर कथित तौर पर कटमनी लेने, राजनीतिक हिंसा को बढ़ावा देने और आम लोगों के घरों में तोड़फोड़ कराने जैसे गंभीर आरोप हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से इन मुद्दों को लेकर लोगों में नाराजगी थी, जो अब खुलकर सामने आई है।
पुलिस ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कर हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। फिलहाल पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।
भाजपा ने क्या कहा?
भाजपा के तुफानगंज विधानसभा सह-समन्वयक निखिल गाबुआ ने दावा किया कि यह घटना जनता के लंबे समय से दबे आक्रोश का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लोगों ने अपने तरीके से विरोध दर्ज कराया है।
पूर्व टीएमसी नेता की प्रतिक्रिया का इंतजार
खबर लिखे जाने तक पूर्व टीएमसी नेता सुब्रत दास उर्फ लिटन की ओर से इस घटना या लगाए गए आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।