कोलकाता: बेहरा ब्रदर्स चाय कंपनी के एक निर्माणाधीन तीन मंजिला गोदाम के अचानक ढह जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय परिसर में बड़ी संख्या में मजदूर मौजूद थे। घटना के बाद तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।
30 साल की लीज पर ली गई थी जमीन
जानकारी के अनुसार, बेहरा ब्रदर्स चाय कंपनी ने 30 साल की लीज पर जमीन ली थी। इस जमीन का उपयोग गोदाम, वेयरहाउस और कोल्ड स्टोरेज के संचालन के लिए किया जा रहा था। परिसर में रोजाना लगभग 60 से 70 लोग काम करते थे।
पुराने गोदाम की जगह बन रहा था नया ढांचा
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, पुराने गोदाम को तोड़कर उसकी जगह नया तीन मंजिला गोदाम बनाया जा रहा था। निर्माण कार्य के दौरान ही अचानक पूरा ढांचा भरभराकर गिर पड़ा, जिससे मजदूरों के मलबे में दबने की आशंका जताई जा रही है।
युद्धस्तर पर चल रहा राहत और बचाव अभियान
हादसे के बाद प्रशासन, दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। पास स्थित एक टूटे हुए गोदाम से बचाव कार्य का दृश्य देखा जा सकता है। मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है और फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।
प्रशासन की निगरानी में जांच शुरू
घटना के कारणों का पता लगाने के लिए प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि राहत कार्य पूरा होने के बाद ढांचा गिरने की वजहों की विस्तृत जांच की जाएगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर बचाव अभियान जारी है।