कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए ‘अन्नपूर्णा भंडार योजना’ शुरू करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की कैबिनेट बैठक में इस योजना को मंजूरी दी गई, जिसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा महिलाओं को फ्री बस यात्रा की सुविधा भी मिलेगी। सरकार का दावा है कि इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय महिलाओं को राहत देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
कब से शुरू होगी योजना?
जानकारी के मुताबिक अन्नपूर्णा भंडार योजना की शुरुआत 1 जून 2026 से होने की संभावना है। हालांकि सरकार की ओर से आधिकारिक तारीख जल्द जारी की जा सकती है। योजना लागू होने के बाद पात्र महिलाओं के खाते में हर महीने सीधे राशि ट्रांसफर की जाएगी।
किन महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ?
सरकार द्वारा जारी पात्रता के अनुसार योजना का लाभ उन्हीं महिलाओं को मिलेगा जो पश्चिम बंगाल की स्थायी निवासी हों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आती हों। इसके अलावा महिला की उम्र 25 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए और राशन कार्ड में नाम दर्ज होना जरूरी होगा।
किन महिलाओं को नहीं मिलेगा लाभ?
सरकारी या रिटायर्ड सरकारी कर्मचारियों को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। इसके अलावा जिन परिवारों की वार्षिक आय 2 लाख रुपये से अधिक है, वे भी योजना के दायरे से बाहर रहेंगे।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
योजना में आवेदन के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक, निवास प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो जरूरी होंगे। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि बैंक खाता आधार से लिंक होना अनिवार्य रहेगा।
कैसे करें आवेदन?
फिलहाल योजना के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। सरकार जल्द इसका आधिकारिक पोर्टल लॉन्च करेगी। पोर्टल शुरू होने के बाद महिलाएं मोबाइल नंबर और राशन कार्ड की मदद से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल रहने की संभावना है।
लक्ष्मी भंडार योजना से जुड़ी महिलाओं को भी मिलेगा लाभ
सरकार के मुताबिक जो महिलाएं पहले से लक्ष्मी भंडार योजना का लाभ ले रही हैं, उन्हें भी अन्नपूर्णा भंडार योजना का फायदा दिया जाएगा। सरकार का कहना है कि यह योजना महिलाओं को घरेलू खर्च, स्वास्थ्य और रोजमर्रा की जरूरतों में आर्थिक मदद पहुंचाने का काम करेगी।