बलागढ़/जीराट: हुगली जिले के बलागढ़ अंतर्गत जीराट के निवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान किए गए वादे को निभाते हुए, राज्य की नवनिर्वाचित सरकार ने अपने बजट में डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के पैतृक घर के कायाकल्प के लिए भारी-भरकम राशि की घोषणा की है। सरकार ने इस ऐतिहासिक स्थल के पूर्ण जीर्णोद्धार और वहां श्यामाप्रसाद मुखर्जी की 125 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा के निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है।
गुजरात के 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' की तर्ज पर बदलेगा पर्यटन का नक्शा
स्थानीय निवासियों का मानना है कि गुजरात में सरदार वल्लभभाई पटेल की विशाल प्रतिमा (स्टैच्यू ऑफ यूनिटी) की तर्ज पर जीराट में बनने वाली यह सुविशाल प्रतिमा क्षेत्र के पर्यटन मानचित्र को पूरी तरह बदल कर रख देगी। हालांकि 'सर आशुतोष मुखर्जी' और उनके सुपुत्र 'श्यामाप्रसाद मुखर्जी' का जन्म जीराट में नहीं हुआ था, लेकिन इस मिट्टी से उनका गहरा आत्मिक लगाव रहा है। जीराट के स्मृतिमंदिर पाड़ा स्थित इस पैतृक वीटे (आवास) के विकास से पूरे क्षेत्र में आर्थिक और बुनियादी ढांचे का विकास होगा।
परिजनों ने जताया आभार, नेहरू परिवार पर साधा निशान
इस फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए श्यामाप्रसाद मुखर्जी के भाई बामाप्रसाद के पोते, वाणीप्रसाद मुखर्जी ने कहा, "नेहरू परिवार के सत्ता में रहते हुए नेताजी के लापता होने का रहस्य, श्यामाप्रसाद मुखर्जी और लाल बहादुर शास्त्री की मृत्यु का रहस्य हमेशा अनसुलझा ही रहा। हमारे पास व्यक्तिगत रूप से इस पैतृक संपत्ति के जीर्णोद्धार की वित्तीय क्षमता नहीं थी। नई सरकार ने सत्ता में आते ही जो ऐतिहासिक पहल की है, वह वास्तव में सराहनीय है।"
चुनावी वादा हुआ पूरा: राज्य सरकार
इस ऐतिहासिक कदम पर बात करते हुए बलागढ़ की स्थानीय विधायक और राज्य स्वास्थ्य विभाग की राज्य मंत्री सुमना सरकार ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक की इस पावन जन्मभूमि की पिछली सरकारों ने पूरी तरह उपेक्षा की थी। गृह मंत्री अमित शाह ने चुनाव से पहले यहां स्मारक बनाने का जो वादा किया था, उसे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के संज्ञान में लाया गया। मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता के कारण ही आज बजट में इसके लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।" इस घोषणा के बाद से पूरे बलागढ़ और जीराट इलाके में जश्न का माहौल है।