कोलकाता/मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल में अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्याओं की निगरानी को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के बाद सीमावर्ती जिलों में अवैध रूप से सीमा लांघने वालों को रखने के लिए 'होल्डिंग सेंटर' (अस्थायी आवास) बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। राज्य पुलिस की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में विभिन्न होल्डिंग सेंटरों में कुल 386 संदिग्ध घुसपैठियों को हिरासत में रखा गया है।
सरकार के आदेश के मुताबिक, 31 दिसंबर 2024 के बाद अवैध रूप से कटीले तारों को पार कर भारत में प्रवेश करने वाले लोगों को चिन्हित कर इन केंद्रों में रखा जा रहा है। इसके अलावा, जो लोग पहले पकड़े गए थे और जिन्हें वापस उनके देश भेजने (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया चल रही है, उन्हें भी यहां रखा जाएगा।
बशीरहाट में सबसे ज्यादा घुसपैठिए, बच्चों की संख्या भी अधिक
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, सीमा से सटे होने के कारण बशीरहाट पुलिस जिला पर सबसे ज्यादा दबाव है। अकेले बशीरहाट में ही सबसे ज्यादा 335 घुसपैठियों को हिरासत में रखा गया है।
प्रमुख केंद्र: बशीरहाट के तेतुलिया पाथरशाठी, चारघाट फ्लड सेंटर और मीडिया सुबासनगर फ्लड सेंटर में इन्हें रखा गया है।
आंकड़े: बशीरहाट के केंद्रों में बंद कुल 335 लोगों में 148 पुरुष, 99 महिलाएं और 88 बच्चे शामिल हैं।
इन जिलों में भी शुरू हुए होल्डिंग सेंटर
राज्य सरकार ने अब तक कुल 11 जगहों पर ये होल्डिंग सेंटर चालू किए हैं। बशीरहाट (3 केंद्र) के अलावा मुर्शिदाबाद में 19, दक्षिण दिनाजपुर में 8 और मालदा में 9 लोगों को रखा गया है। इनके अलावा बारूईपुर, सुंदरबन, बनगांव, बारासात, जंगीपुर, कृष्णनगर और कूचबिहार पुलिस जिलों में भी केंद्र बनाए गए हैं, जहां पकड़े गए संदिग्धों की संख्या फिलहाल 10 से कम है।
जिलों से आई धरपकड़ की तस्वीरें
मुर्शिदाबाद: यहां लालगोला के 'पद्मा भवन' में बनाए गए होल्डिंग सेंटर में तीन बांग्लादेशी नागरिकों को रखा गया है। पुलिस के अनुसार, गत शुक्रवार को भगवानगोला के साद्दामपाड़ा से नयन शेख नाम के एक युवक को पकड़ा गया था, जो बांग्लादेश के राजशाही का रहने वाला है। वह कुछ महीने पहले चर लवणगोला सीमा से भारत में घुसा था। वहीं, अन्य दो नागरिक नाहिद हुसैन और राजू शेख दक्षिण भारत में काम करने गए थे और बाद में लालगोला में रह रहे थे।
मालदा: मालदा के इंग्लिशबाजार के चंदनपार्क स्थित होल्डिंग सेंटर में 3 महिलाओं सहित कुल 9 बांग्लादेशी नागरिकों को रखा गया है। इन्हें पांडुआ इलाके से हिरासत में लिया गया था।
सुरक्षा व्यवस्था सख्त, केंद्रीय एजेंसियों से समन्वय
सीमावर्ती जिलों में घुसपैठ की हालिया घटनाओं के बाद प्रशासन बेहद सतर्क है। सभी होल्डिंग सेंटरों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस की पैनी नजर है। जिला प्रशासनों को निर्देश दिया गया है कि वे पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान का सत्यापन (वेरिफिकेशन), डिटेंशन और देश से बाहर भेजने (डिपोर्टेशन) की कागजी कार्रवाई को जल्द से जल्द पूरा करें। इस पूरी स्थिति पर नजर रखने के लिए राज्य प्रशासन केंद्रीय जांच एजेंसियों और बीएसएफ के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है।