पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार ने सोमवार को अपना पहला बजट पेश किया। वित्त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता ने विधानसभा में बजट प्रस्तुत करते हुए कर्मचारियों, महिलाओं, युवाओं, पत्रकारों और विभिन्न सामाजिक वर्गों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में भारी बढ़ोतरी के साथ एक लाख सरकारी पदों पर भर्ती का ऐलान किया है।
कर्मचारियों को बड़ी राहत, DA बढ़कर 38% हुआ
बजट में राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत दी गई है। वित्त मंत्री ने घोषणा की कि मौजूदा 18 प्रतिशत डीए के अलावा 20 प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ता दिया जाएगा। इसके बाद कुल डीए बढ़कर 38 प्रतिशत हो जाएगा। नई दरें 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगी। पेंशनभोगियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
1 लाख सरकारी पदों पर होगी भर्ती
सरकार ने विभिन्न विभागों में खाली पड़े एक लाख पदों को भरने की घोषणा की है। इनमें 20 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी, जबकि 50 हजार से अधिक शिक्षक, प्रोफेसर और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की नियुक्ति होगी। इसके अलावा 1,000 औद्योगिक फ्रंटियर या राइफल्स कर्मियों सहित अन्य विभागों में भी भर्तियां की जाएंगी। कुल पदों में 30 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए रखा गया है।
महिलाओं के लिए विशेष योजनाएं
बजट में गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए एकमुश्त 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ‘पिंक कार्ड’ योजना शुरू करने का भी ऐलान किया गया।
रिटायर्ड पत्रकारों को मिलेगी पेंशन
सरकार ने रिटायर्ड पत्रकारों के लिए मासिक 5,000 रुपये पेंशन देने की घोषणा की है। इसके अलावा उन लोगों के लिए भी विशेष भत्ते का प्रावधान किया गया है, जिन्हें कथित तौर पर झूठे मामलों में जेल जाना पड़ा था।
सभी वर्गों को साधने की कोशिश
अपने पहले बजट के जरिए भाजपा सरकार ने कर्मचारियों, युवाओं, महिलाओं, पत्रकारों और सामाजिक रूप से प्रभावित लोगों को राहत देने का प्रयास किया है। सरकार का दावा है कि ये घोषणाएं राज्य में रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देंगी। वहीं, बजट के बाद अब इन घोषणाओं के क्रियान्वयन और वित्तीय प्रबंधन पर भी नजर रहेगी।