कोलकाता/सिलीगुड़ी: मुख्यमंत्री के रूप में उत्तर बंगाल की धरती पर कदम रखते ही सुवेंदु अधिकारी ने घोषणा की थी कि भाजपा सरकार उत्तर बंगाल का ऋण चुकाएगी। पिछले 15 वर्षों से राज्य की सत्ता पर तृणमूल कांग्रेस का कब्जा रहने के बावजूद उत्तर बंगाल ने हमेशा से भाजपा पर अपना भरोसा जताया है। सोमवार को राज्य की नई भाजपा सरकार का पहला पूर्ण बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने उत्तर बंगाल के लिए घोषणाओं का पिटारा खोल दिया। राजनीतिक गलियारों में इसे उत्तर बंगाल की जनता के भरोसे के 'रिटर्न गिफ्ट' के रूप में देखा जा रहा है।
आईआईटी, आईआईएम और एम्स की सौगात
बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने उत्तर बंगाल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई ऐतिहासिक घोषणाएं कीं। उत्तर बंगाल में एक नया आईआईटी (IIT) और एक आईआईएम (IIM) स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा, क्षेत्र में एक एम्स (AIIMS) और एक अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल भी बनाया जाएगा। स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए अलीपुरद्वार, कालिम्पोंग और दक्षिण दिनाजपुर में नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे।
सिलीगुड़ी में मेट्रो और हवाई पट्टियों का विस्तार
यातायात को सुगम बनाने के लिए सिलीगुड़ी में मेट्रो सेवा शुरू करने की संभावनाओं पर काम शुरू करने का एलान किया गया है। इसके साथ ही उत्तर बंगाल में एक नए हवाई अड्डे की घोषणा भी की गई है। रक्षा और नागरिक उड्डयन को बढ़ावा देने के लिए हासिमारा एयर बेस के लिए 25 एकड़ जमीन आवंटित की जाएगी, जबकि कूचबिहार हवाई अड्डे (एयरपोर्ट) का विस्तार किया जाएगा। खेल प्रेमियों के लिए उत्तर बंगाल में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम और एक इनडोर स्टेडियम भी बनाया जाएगा।
चाय बागान नीति में बड़ा बदलाव, व्यावसायिक जमीन की सीमा आधी हुई
बजट में सबसे महत्वपूर्ण फैसला चाय बागानों को लेकर लिया गया। साल 2024 में तत्कालीन टीएमसी सरकार ने चाय बागानों की 30 प्रतिशत भूमि को व्यावसायिक (होटल, रेस्तरां आदि) उपयोग के लिए मंजूरी दी थी, जिसका मालिकों और मजदूरों ने भारी विरोध किया था। प्रकृति के संतुलन और चाय बागानों की विरासत को बचाने के लिए नई सरकार ने व्यावसायिक उपयोग की इस सीमा को 30% से घटाकर सीधे 15% करने का प्रस्ताव रखा है। इसके साथ ही चाय श्रमिकों के कल्याण के लिए केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से 'पीएम चाय श्रमिक योजना' की शुरुआत की जाएगी।
विश्व स्तरीय 'इको एडवेंचर हब' बनेगा दार्जिलिंग
राज्य के पर्यटन क्षेत्र का कायाकल्प करने के लिए बजट में विशेष खाका तैयार किया गया है। पहाड़ों की रानी दार्जिलिंग को अब एक 'इको एडवेंचर और हेरिटेज टूरिज्म सेंटर' के रूप में विकसित किया जाएगा। यहाँ ट्रेकिंग, हाइकिंग, राफ्टिंग और पैराग्लाइडिंग जैसे एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा दिया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दार्जिलिंग को पहचान दिलाने के लिए वैश्विक ब्रांडिंग की जाएगी। इसके अलावा, पहाड़ों के पारंपरिक चाय बंगलों और पुरानी वास्तुकला को सहेजने के लिए उनकी 'हेरिटेज मैपिंग' की जाएगी।
पर्यटन मंत्री और सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष ने बजट की सराहना करते हुए कहा, "उत्तर बंगाल के नागरिक के तौर पर मैं मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री को धन्यवाद देता हूँ। इस बजट के जरिए हम पश्चिम बंगाल के पर्यटन को विश्व पटल पर स्थापित करने और जनता की उम्मीदों को पूरा करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेंगे।"