दुर्गापुर: पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर (Durgapur) से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक नाबालिग लड़की अपनी ही सहेली की साजिश का शिकार बन गई। आरोप है कि सहेली ने पहले नाबालिग को घर से बुलाकर तीन युवकों के हवाले किया और फिर कार के अंदर नशीली दवा मिली शराब पिलाकर बेहोश करने के बाद एक होटल में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) की वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पीड़ित छात्रा अस्पताल में उपचाराधीन है। यह दर्दनाक घटना दुर्गापुर के बुदबुद थाना क्षेत्र की है। पीड़िता आठवीं कक्षा की छात्रा है। शनिवार को उसकी सहेली उसे घर से फुसलाकर अपने साथ ले गई थी। इसके बाद कार के भीतर नाबालिग को जबरन शराब पिलाई गई, जिसमें पहले से ही कोई नशीली दवा मिलाई गई थी।
बायपास पर बेसुध छोड़ भागे आरोपी, टोटो वाले ने पहुंचाया घर
पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, जब नाबालिग बेसुध हो गई तो उसे दुर्गापुर सिटी सेंटर के कबीगुरु इलाके में स्थित एक होटल में ले जाया गया। वहाँ राज मल्लिक, शेख अज़रुद्दीन और उनके एक अन्य साथी ने नाबालिग के साथ दरिंदगी की। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रात के अंधेरे में पीड़िता को बुदबुद बायपास इलाके में लावारिस हालत में फेंककर फरार हो गए। रात करीब साढ़े दस बजे एक टोटो (ई-रिक्शा) चालक ने नाबालिग को असहाय और गंभीर स्थिति में सड़क किनारे देखा। उसने इंसानियत दिखाते हुए पीड़िता को सुरक्षित उसके घर पहुंचाया, जिसके बाद परिवार को इस खौफनाक वारदात का पता चला। परिजनों ने बिना वक्त गंवाए दुर्गापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस कमिश्नर का बयान: मुख्य आरोपी युवती समेत सभी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने त्वरित कार्रवाई की और रविवार सुबह ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया।आसनसोल-दुर्गापुर के पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणब कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “इस मामले में अब तक तीन युवकों और साजिशकर्ता युवती समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस पूरे रैकेट की मुख्य मास्टरमाइंड पीड़िता की सहेली सिमरन तमांग है, जिसने लड़की को फंसाया था। मामले की गहन जांच जारी है। सभी धृतों को पुलिस हिरासत (Police Custody) में लेने के लिए सोमवार को दुर्गापुर उप-मंडल अदालत में पेश किया जाएगा।”
'अपराधियों से कोई समझौता नहीं करेगी सरकार'
इस वीभत्स घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। भाजपा के युवा नेता पारिजात गांगुली ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा, “इस तरह की जघन्य वारदात को अंजाम देने वालों के खिलाफ कानूनन कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए। सूबे की वर्तमान सरकार महिलाओं के खिलाफ होने वाले ऐसे अपराधों और अपराधियों से किसी भी कीमत पर कोई समझौता नहीं करेगी।”