पश्चिम बंगाल की फालता विधानसभा सीट पर आज 285 बूथों पर दोबारा मतदान कराया जाएगा। वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू होगी और शाम 6 बजे तक चलेगी। चुनाव आयोग ने सभी पोलिंग स्टेशनों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
बंगाल- फालता के 285 बूथों पर आज दोबारा वोटिंग
इससे पहले 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान कई बूथों पर EVM में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई थीं। आरोप लगाया गया था कि भाजपा के बटन पर टेप चिपका मिला था, जबकि कुछ अन्य बूथों पर मशीनों में तकनीकी खराबी की खबरें आई थीं। शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने रिपोलिंग कराने का फैसला लिया। मतगणना 24 मई को होगी।
हर बूथ पर दोगुने जवान तैनात, 24 मई को रिजल्ट
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इस बार हर बूथ पर जवानों की संख्या दोगुनी कर दी गई है। पहले जहां चार सुरक्षाकर्मी तैनात रहते थे, वहीं अब प्रत्येक बूथ पर आठ जवान मौजूद रहेंगे।
फालता सीट पर मुकाबला मुख्य रूप से TMC और भाजपा के बीच माना जा रहा है। हालांकि TMC उम्मीदवार जहांगीर खान ने दो दिन पहले चुनाव मैदान से हटने की घोषणा कर दी थी। इसके बावजूद EVM में उनका नाम और पार्टी का चुनाव चिन्ह मौजूद रहेगा।