कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और सार्वजनिक परिवहन तक उनकी पहुंच को आसान बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार की घोषणा के अनुसार, 1 जून 2026 से सभी सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा लागू कर दी गई है। राज्य परिवहन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के तहत, महिला यात्री पश्चिम बंगाल में चलने वाली सभी छोटी और लंबी दूरी की सरकारी बसों में मुफ्त सफर का लाभ उठा सकेंगी।
योजना के लिए 550 करोड़ रुपये का आवंटन और 'पिंक कार्ड'
राज्य के वित्त मंत्री ने इस महत्वाकांक्षी योजना को सुचारू रूप से चलाने के लिए 550 करोड़ रुपये के बजट का आवंटन किया है। सरकार ने यह भी साफ किया है कि इस योजना के लाभार्थियों के लिए बहुत जल्द एक विशेष 'पिंक कार्ड' (Pink Card) लॉन्च किया जाएगा।
क्यूआर कोड और फोटो युक्त मिलेगा 'स्मार्ट कार्ड'
परिवहन विभाग की अधिसूचना के अनुसार, इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए सभी पात्र महिलाओं को संबंधित बीडीओ (BDO) या एसडीओ (SDO) कार्यालयों के माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन के बाद, लाभार्थियों को एक विशेष स्मार्ट कार्ड जारी किया जाएगा, जिसमें एक क्यूआर कोड, लाभार्थी की तस्वीर और अन्य आवश्यक विवरण दर्ज होंगे।
यह स्मार्ट कार्ड प्राप्त करने के लिए महिलाएं निम्नलिखित में से किसी भी एक सहायक दस्तावेज का उपयोग कर सकती हैं:
आधार कार्ड / मतदाता पहचान पत्र (EPIC)
पैन कार्ड / ड्राइविंग लाइसेंस / पासपोर्ट
मनरेगा (VB-G RAMG) जॉब कार्ड
आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड
फोटो युक्त पेंशन दस्तावेज
केंद्र/राज्य सरकार/पीएसयू द्वारा जारी पहचान पत्र
स्कूल, कॉलेज या विश्वविद्यालयों द्वारा जारी आईडी कार्ड
कार्ड बनने तक वैध आईडी दिखाकर मिलेगा 'जीरो वैल्यू टिकट'
सरकार ने स्पष्ट किया है कि जब तक महिलाओं को यह विशेष स्मार्ट कार्ड जारी नहीं हो जाता, तब तक वे किसी भी वैध फोटो पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड या पासपोर्ट) को दिखाकर इस मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ उठा सकती हैं।
बस में सफर के दौरान कंडक्टर महिला यात्रियों के पहचान दस्तावेजों का सत्यापन (वेरिफिकेशन) करेंगे और उसके बाद उन्हें एक "जीरो वैल्यू टिकट" (शून्य मूल्य का टिकट) जारी करेंगे। सरकार का मानना है कि इस योजना से कामकाजी महिलाओं, छात्राओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को सीधे तौर पर बड़ी राहत मिलेगी।