कोलकाता: पश्चिम बंगाल की शुभेंदु सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए राज्यभर की सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की घोषणा की है। यह सुविधा 1 जून 2026 से लागू होगी। सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक राहत देना और उनकी सार्वजनिक परिवहन तक पहुंच को आसान बनाना है।
1 जून से लागू होगी योजना
राज्य परिवहन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, 1 जून 2026 से पश्चिम बंगाल की सभी महिलाएं सरकारी बसों में बिना किराया दिए सफर कर सकेंगी। यह सुविधा छोटी और लंबी दूरी की सभी सरकारी बस सेवाओं पर लागू होगी।
महिलाओं को मिलेगा डिजिटल स्मार्ट कार्ड
सरकार इस योजना के तहत महिलाओं को विशेष डिजिटल स्मार्ट कार्ड जारी करेगी। कार्ड पर क्यूआर कोड, फोटो और लाभार्थी का नाम दर्ज होगा। इसके लिए महिलाओं को आवेदन करना होगा, जिसे बीडीओ या एसडीओ कार्यालय में जमा किया जाएगा।
शुरुआती दौर में पहचान पत्र से मिलेगी सुविधा
सरकार ने साफ किया है कि जब तक स्मार्ट कार्ड पूरी तरह जारी नहीं हो जाते, तब तक महिलाएं किसी भी वैध फोटो पहचान पत्र के जरिए मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। बस कंडक्टर पहचान पत्र देखने के बाद जीरो वैल्यू टिकट जारी करेगा।
महिलाओं को आर्थिक राहत देने की कोशिश
सरकार का मानना है कि इस योजना से महिलाओं की रोजाना यात्रा का खर्च कम होगा और उन्हें काम, पढ़ाई और अन्य जरूरतों के लिए आने-जाने में आसानी होगी। इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।