कोलकाता - पश्चिम बंगाल की नई सरकार ने सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ी राहत दी है। राज्य के वित्त विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, वेस्ट बंगाल सर्विसेज (रेजिंग ऑफ एज-लिमिट) रूल्स, 1981 में संशोधन करते हुए विभिन्न सरकारी पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा बढ़ा दी गई है। यह नया नियम 11 मई 2026 से प्रभावी माना जाएगा।
अलग-अलग ग्रुप के लिए नई आयु सीमा तय
सरकार द्वारा जारी संशोधित नियमों के अनुसार अब ग्रुप ‘A’ के पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 41 वर्ष कर दी गई है। हालांकि जिन पदों के लिए पहले से 41 वर्ष या उससे अधिक आयु सीमा निर्धारित है, उनमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं ग्रुप ‘B’ श्रेणी की नौकरियों के लिए अधिकतम आयु सीमा बढ़ाकर 44 वर्ष कर दी गई है। इसके अलावा ग्रुप ‘C’ और ग्रुप ‘D’ के पदों के लिए ऊपरी आयु सीमा अब 45 वर्ष होगी।
लंबे समय से उठ रही थी मांग
राज्य में सरकारी भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी लंबे समय से आयु सीमा बढ़ाने की मांग कर रहे थे। कई उम्मीदवारों का कहना था कि भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और महामारी के कारण उन्हें नुकसान उठाना पड़ा। ऐसे में सरकार का यह फैसला लाखों युवाओं के लिए राहतभरा माना जा रहा है। आयु सीमा बढ़ने से अब अधिक संख्या में उम्मीदवार सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन कर सकेंगे। इससे उन अभ्यर्थियों को भी मौका मिलेगा जो पहले आयु सीमा पार होने के कारण आवेदन नहीं कर पाते थे।
भर्ती प्रक्रिया में बढ़ सकती है प्रतिस्पर्धा
नई व्यवस्था लागू होने के बाद आगामी सरकारी भर्तियों में उम्मीदवारों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रतिस्पर्धा और अधिक कड़ी हो सकती है। राज्य सरकार का कहना है कि यह फैसला युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि अधिक से अधिक योग्य उम्मीदवारों को सरकारी सेवा में अवसर मिल सके।