कोलकाता: पश्चिम बंगाल के शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी स्कूलों के लिए एक अहम आदेश जारी किया है। नए निर्देश के अनुसार अब सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान ‘वंदे मातरम’ का गायन अनिवार्य किया गया है। इस फैसले को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
मॉर्निंग असेंबली में बदलाव, नया नियम लागू
नोटिस में साफ कहा गया है कि कक्षाएं शुरू होने से पहले छात्रों को सुबह की सभा में ‘वंदे मातरम’ गाना होगा। शिक्षा विभाग का उद्देश्य छात्रों में राष्ट्रीय भावनाओं और एकता की भावना को मजबूत करना बताया जा रहा है।
स्कूलों में असमंजस की स्थिति
नए आदेश के बाद कई स्कूलों के प्रिंसिपल और शिक्षक असमंजस में हैं। उनका कहना है कि पहले से ही असेंबली में राष्ट्रगान और राज्य गीत शामिल हैं, ऐसे में एक और गीत जोड़ने से समय प्रबंधन प्रभावित हो सकता है।
क्लास टाइमिंग पर असर की चिंता
कुछ स्कूल प्रमुखों ने चिंता जताई है कि असेंबली का समय बढ़ने से कक्षाओं की शुरुआत देर से होगी। उनका कहना है कि राष्ट्रगान को हटाया नहीं जा सकता, और राज्य गीत पहले से शामिल है, ऐसे में नया नियम अतिरिक्त दबाव पैदा करेगा।
पहले से लागू था राज्य गीत का नियम
गौरतलब है कि पिछली सरकार के समय स्कूलों में राज्य गीत ‘বাংলার মাটি, বাংলার জল’ को सुबह की सभा में शामिल करना अनिवार्य किया गया था। अब नए निर्देश के बाद व्यवस्था को लेकर दोहरे प्रावधान सामने आ गए हैं।