हावड़ा / शिबपुर: शिबपुर के चर्चित ‘सीक्रेट होम’ मामले और वोट बाद हिंसा के आरोपी तृणमूल नेता शमीम अहमद उर्फ बड़े को मुंबई से ट्रांजिट रिमांड पर हावड़ा लाया गया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद हावड़ा की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पुलिस अब उससे कई मामलों में पूछताछ की तैयारी कर रही है।
मुंबई क्राइम ब्रांच ने किया गिरफ्तार
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिबपुर थाना क्षेत्र के चौड़ा बस्ती इलाके में विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के मामले में बड़े लंबे समय से फरार चल रहा था। आखिरकार मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने उसे मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया। शनिवार रात तीनों को ट्रांजिट रिमांड पर हावड़ा लाया गया।
बमबाजी और फायरिंग के आरोप, कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज
आरोप है कि सात मई को शिबपुर के चौड़ा बस्ती इलाके में भाजपा और तृणमूल समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। भाजपा का आरोप है कि बड़े और उसके समर्थकों ने इलाके में बमबाजी और फायरिंग की थी, जिससे पूरे इलाके में तनाव फैल गया था। इस मामले में पुलिस ने शमीम अहमद के खिलाफ हिंसा भड़काने, अवैध हथियार रखने और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
‘सीक्रेट होम’ को लेकर चर्चा में आया था मकान
कुछ दिन पहले पुलिस ने बड़े के तीन मंजिला मकान पर छापेमारी की थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक कथित वीडियो वायरल हुआ, जिसमें घर के अंदर एक ‘गुप्त सीढ़ी’ दिखाई देने का दावा किया गया। बताया गया कि मकान का ऊपरी हिस्सा सामान्य था, जबकि निचले कमरों में आलीशान सुविधाएं और महंगे साज-सामान मौजूद थे। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसी वजह से इलाके में यह मकान ‘सीक्रेट होम’ के नाम से चर्चित हो गया।
राजनीतिक संरक्षण के आरोपों से गरमाई सियासत
शमीम अहमद इलाके में प्रभावशाली नेता माना जाता है। उसकी पत्नी शमीमा बानू तृणमूल की पूर्व पार्षद रह चुकी हैं। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि बड़े को वरिष्ठ तृणमूल नेताओं का संरक्षण प्राप्त था, जिसके दम पर इलाके में उसका दबदबा कायम था।
पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज
पुलिस अब शमीम अहमद से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि वोट बाद हिंसा में और कौन-कौन लोग शामिल थे, हथियार कहां से आए और क्या इलाके में किसी संगठित आपराधिक नेटवर्क की भूमिका थी।