छतरपुर जिले में जन आक्रोश यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता आपस में भिड़ गए। पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव भी मौके पर मौजूद थे। वे मंच से लगातार समझाइश देते रहे लेकिन इसका नेताओं पर कोई असर नहीं हुआ। मारपीट में कुछ लोगों को चोटें भी आई हैं
राजनगर में अरुण यादव के सामने हुआ विवाद
मामला राजनगर विधानसभा क्षेत्र का है। यहां जन आक्रोश यात्रा के बाद थाने के सामने सभा का आयोजन किया गया था। जैसे ही यात्रा यहां आकर रुकी, विधायक विक्रम सिंह नातीराजा के समर्थक उनके पक्ष में नारे लगाने लगे। इसे देखकर पूर्व विधायक शंकर प्रताप सिंह मुन्ना राजा के समर्थक उनके पुत्र सिद्धार्थ शंकर बुंदेला के समर्थन में नारेबाजी करने लगे। दोनों गुटों के कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और झंडे लिए हुए थे। विवाद बढ़ा तो इन्हीं झंडों के डंडों और तख्तियों से एक-दूसरे को पीटने लगे। लात-घूंसे भी चलाए गए।
हम उनसे चर्चा करेंगे
शनिवार को कांग्रेस ने खजुराहो में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। अरुण यादव ने कहा, यह अपने बीच के लोग हैं, हम उनसे चर्चा करेंगे। हमें पूरा विश्वास है कि छतरपुर ही नहीं पूरे मध्य प्रदेश में जो साथी टिकट की इच्छा रखते हैं, उन्हें संगठन में और सरकार आने के बाद किसी पद पर एडजस्ट करने का प्रयास किया जाएगा।
विधायक पर कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप
विवाद की वजह को लेकर सिद्धार्थ शंकर बुंदेला ने कहा, 'हमें जानकारी लगी थी कि निजी कार्यक्रम है, जिसके चलते हम नहीं गए। विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता अरुण यादव जी के सामने अपनी बात रखना चाहते थे। वे टिकट को लेकर भी नेतृत्व तक अपनी राय पहुंचाना चाहते थे। लेकिन दूसरे पक्ष के लोगों ने धक्कामुक्की और अभद्रता की। इससे बात बढ़ी। हालांकि, कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए हमारे समर्थकों ने नरमी का रुख बनाए रखा।'
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि विधायक विक्रम सिंह कार्यकर्ताओं की भावना का कोई ध्यान नहीं रख रहे हैं। फील्ड में घूम-घूमकर पार्टी का काम करने वाले कार्यकर्ताओं पर भाजपा झूठे केस लगवाती है और वे निष्क्रिय बने हुए हैं। ये लोग वही हैं, जिन्होंने बीते चुनाव में विक्रम सिंह को जीत दिलाई थी।
दमोह से शुरू हुई कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा
कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा बुंदेलखंड में दमोह से शुरू हुई थी। यह विभिन्न जिलों से होते हुए शुक्रवार को राजनगर विधानसभा पहुंची थी, इसके बाद छतरपुर के लिए रवाना हो गई। यात्रा में अरुण यादव के अलावा छतरपुर विधायक आलोक चतुर्वेदी, राजनगर विधायक विक्रम सिंह नातीराजा सहित पार्टी के कई बड़े नेता मौजूद थे।
Comments (0)