भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने विवादित बयान दिया है। कार्यकर्ता सम्मेलन में संबोधन के दौरान विजयवर्गीय ने कहा कि, जो भारत माता की जय बोलेगा वह हमारा भाई है। हम उसके लिए जान भी दे सकते हैं और जो भारत माता के खिलाफ बोलेगा उसकी जान लेने में भी हम पीछे नहीं हटेंगे।
भारत भूमि में रहना है तो वंदे मातरम कहना होगा
आपको बता दें कि, एमपी के रतलाम की ग्रामीण विधानसभा के बांगरोद में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बीजेपी नेता ने कहा कि, यदि कुछ लोग भारत तेरे टुकड़े होंगे, इंशा अल्लाह, इंशा अल्लाह.. तो क्या इसको बर्दाश्त करना चाहिए क्या?। कोई हमारे देश का नमक खाए और पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए तो इसको बर्दाश्त किया जा सकता है क्या? हम इसे कैसे बर्दाश्त करेंगे। यदि भारत भूमि में रहना है तो वंदे मातरम कहना होगा। वहीं इस दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने कार्यकर्ताओं से भी नारे लगवाए।
भारत माता के खिलाफ बोलेगा, उसकी जान लेने से हम पीछे नहीं हटेंगे
आगे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि, ओवैसी जैसे लोग बोलते हैं कि, मेरी गर्दन में चाकू अड़ा दोगे तो भी नहीं बोलूंगा। मैं भारत माता की जय नहीं बोलूंगा। ओवैसी साहब हम आपसे आग्रह कर रहे हैं, निवेदन कर रहे हैं। हाथ जोड़ रहे हैं। ये भारत माता हमारी मां है। यादि आप भारत माता की जय बोलोगे तो आप हमारे भाई हो और हम भाई से ज्यादा आपकी चिंता करेंगे। यादि भारत माता की जय नहीं बोलोगे तो आप क्या हो ये आप निर्णय करो, हम निर्णय नहीं करेंगे। हम किसी के विरोधी नहीं हैं। उन्होंने आगे कहा कि, हम सब को एक नजर से देखते हैं प्यार की नजर से देखते हैं। जो भारत माता की जय बोलेगा वो हमारा भाई है, उसके लिए हम जान भी दे सकते हैं और जो कोई भारत माता के खिलाफ बोलेगा, उसकी जान लेने में भी हम पीछे नहीं हटेंगे।
कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस पर साधा निशाना
बीजेपी के दिग्गज नेता कैलाश विजयवर्गीय यहीं नहीं रुके इसके अलावा आपातकाल, जम्मू कश्मीर, धारा 370 और राम मंदिर जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। वहीं अपने संबोधन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए हरियाणा और मणिपुर हिंसा पर भी बात की। पार्टी राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि, वहां की सरकार शांति और कानून व्यवस्था बनाने के लिए काम कर रही है।
Comments (0)