मुंबई: मध्य प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुंबई में सन फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप सांघवी से मुलाकात की। होटल द सेंट रेजिस में आयोजित “इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश” के दौरान दोनों के बीच प्रदेश में कंपनी के विस्तार और नई परियोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
पीथमपुर में ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट पर चर्चा
बैठक में पीथमपुर के सेक्टर-7 में प्रस्तावित सन फार्मा की ग्रीनफील्ड परियोजना को लेकर भूमि, बुनियादी सुविधाओं, जरूरी अनुमतियों और निवेश प्रोत्साहन जैसे मुद्दों पर बातचीत हुई। मुख्यमंत्री ने परियोजना से जुड़ी स्थानीय स्तर की बाधाओं को दूर करने और प्रक्रियाओं को आसान बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
दिसंबर 2026 तक मिलेंगी जरूरी सुविधाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पीथमपुर परियोजना के लिए जल, बिजली और सड़क जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम तेज करने के निर्देश दिए। सरकार की ओर से दिसंबर 2026 तक जरूरी आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराने की बात कही गई है, जिससे परियोजना के क्रियान्वयन में तेजी लाई जा सके।
बड़े सोलर प्रोजेक्ट के लिए जमीन की पहचान
सन फार्मा की दीर्घकालिक ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए बड़े सौर ऊर्जा प्रकल्प पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कंपनी के लिए उपयुक्त भूमि की पहचान और उसके आवंटन में आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। इसके अलावा सौर ऊर्जा परियोजना से जुड़ी अनुमतियों, आधारभूत संरचना और प्रोत्साहनों को समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
जमीन हस्तांतरण और शुल्क में छूट पर भी बातचीत
बैठक में पीथमपुर परियोजना के प्लॉट हस्तांतरण और पुनःपंजीकरण शुल्क में छूट का मुद्दा भी उठा। इसके साथ ही कंपनी का नाम एसपीएलएल से एसपीआईएल करने के लिए सीसीआईपी में आवश्यक संशोधन और परियोजना से जुड़ी अन्य प्रक्रियाओं को सुगम बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
पीथमपुर में 3,000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव
सन फार्मा ने पीथमपुर में करीब 3,000 करोड़ रुपये के निवेश से ग्रीनफील्ड परियोजना स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत भारत, अमेरिका, यूरोप और अन्य प्रमुख बाजारों के लिए दवा फॉर्मुलेशन विनिर्माण सुविधाएं विकसित की जाएंगी। प्रस्तावित परियोजना से करीब 1,750 से अधिक रोजगार मिलने की संभावना है। इनमें लगभग 1,250 प्रत्यक्ष और 500 अप्रत्यक्ष रोजगार शामिल हैं।
100 से ज्यादा देशों में कारोबार करती है सन फार्मा
सन फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्रीज एक भारतीय बहुराष्ट्रीय फार्मास्यूटिकल कंपनी है। कंपनी का कारोबार करीब 54,543 करोड़ रुपये बताया गया है। कंपनी 100 से अधिक देशों में ड्रग फॉर्मुलेशन और एपीआई का निर्माण करती है तथा छह महाद्वीपों में 40 से अधिक विनिर्माण सुविधाएं संचालित कर रही है।
मध्य प्रदेश से भी सन फार्मा का पुराना जुड़ाव रहा है। कंपनी ने वर्ष 1984 में देवास में अपना विनिर्माण संयंत्र स्थापित किया था। प्रदेश में कंपनी के फॉर्मुलेशन और एपीआई संयंत्रों में करीब 3,958 कर्मचारी कार्यरत हैं।
रतलाम फार्मा पार्क में भी निवेश की रुचि
बैठक के दौरान दिलीप सांघवी ने रतलाम में प्रस्तावित फार्मा पार्क में भी कंपनी की रुचि जाहिर की। उन्होंने कहा कि यदि रतलाम में फार्मा पार्क स्थापित होता है, तो सन फार्मा समूह वहां निवेश की संभावनाओं पर विचार कर सकता है।
निवेशकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में फार्मास्यूटिकल समेत उच्च मूल्यवर्धित उद्योगों के विस्तार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि निवेशकों को भूमि, बिजली, पानी, सड़क, ऊर्जा और जरूरी अनुमतियां समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हों।
मुख्यमंत्री ने उद्योग जगत को मध्य प्रदेश में नए निवेश और मौजूदा कारोबार के विस्तार के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि राज्य सरकार निवेश प्रस्तावों को तेजी से जमीन पर उतारने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।