जयपुर: राजस्थान में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बुधवार को तापमान में गिरावट दर्ज होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। पिलानी, जैसलमेर, चूरू और श्रीगंगानगर समेत कई शहरों में अधिकतम तापमान करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आया। राज्य के किसी भी शहर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया।
उदयपुर-सिरोही समेत 4 जिलों में गुलाबी सर्दी
रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। उदयपुर, भीलवाड़ा, सिरोही और नागौर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। इन इलाकों में सुबह और रात के समय गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है।दिन के तापमान की बात करें तो जयपुर 37.2 डिग्री सेल्सियस के साथ जैसलमेर के 37 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा गर्म रहा।
11 अक्टूबर से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, 11 अक्टूबर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राजस्थान के कुछ हिस्सों में मौसम बदल सकता है। बीकानेर और जयपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है।इस पश्चिमी विक्षोभ का असर 11 और 12 अक्टूबर को करीब 6 से 7 जिलों में देखने को मिल सकता है।
बीकानेर से अलवर तक बादल छाने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं और अलवर के आसपास के इलाकों में आसमान में हल्के बादल छा सकते हैं। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है।फिलहाल प्रदेश में तापमान में गिरावट का दौर जारी है, जिससे दिन में गर्मी का असर कम हुआ है और रात के समय कई इलाकों में ठंडक बढ़ने लगी है।