लखनऊ: उत्तरप्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। बारिश के कारण सुबह और शाम के तापमान में ठंडक बढ़ने लगी है। वहीं, दिन में तेज हवाओं के चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने गुरुवार 8 अक्टूबर को लखनऊ से लेकर वाराणसी और प्रयागराज तक कई जिलों में आंधी, गरज-चमक और बारिश का अनुमान जताया है। कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में आज गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में भी एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
25 जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग ने 25 जिलों में तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।तेज हवाओं और बारिश के चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी हो सकती है।
लखनऊ से वाराणसी तक आंधी-बारिश का अलर्ट
लखनऊ, हरदोई, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, अयोध्या, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, जौनपुर, संत रविदास नगर, वाराणसी, मीरजापुर, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, मऊ और बलिया में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।इन जिलों में हवाओं की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इन जिलों में भी बारिश और आकाशीय बिजली का अनुमान
सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ बारिश हो सकती है।वहीं, उन्नाव, रायबरेली, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज, गोरखपुर, बस्ती और संत कबीर नगर में एक-दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी का अनुमान है। इन जिलों के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
अगले दो दिन तापमान में आएगी गिरावट
बारिश और तेज हवाओं के चलते प्रदेश में मौसम सुहाना होने के साथ ठंडक भी बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है।इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है। वहीं, अगले सात दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
11 अक्टूबर से बारिश पर लगेगा ब्रेक
अगले 48 घंटों में उत्तरप्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और धूप का सिलसिला जारी रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, 11 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।