Govind Singh: कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राजा पटेरिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथित हत्या के बारे में बयान देने के बाद से काफी विवादों में आ गए थे। इसके चलते उन्हें जेल भी जाना पड़ा और कांग्रेस नेता को अभी तक जमानत नहीं मिल पाई है। इस बीच आज नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह पूर्व मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजा पटेरिया से मिलने जेल पहुंचे। उन्होंने यहां राजा पटेरिया से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजा पटेरिया बहादुर नेता हैं।
आजादी का रास्ता जेल से होकर गुजरता है
मीडिया से बात करते हुए नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा कि राजा पटेरिया एक बहादुर इंसान हैं। आजादी का रास्ता जेल से होकर गुजरता है। इस दौरान उनके साथ कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता भी उपस्थित थे। गोविंद सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने पहले राजा पटेरिया को नोटिस दिया था, लेकिन अब पूरा भाषण सच्चाई जानने के बाद अब कांग्रेस पार्टी राजा पटेरिया के साथ है।
पटेरिया को झूठे मामले में फंसाया गया
नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा कि राजा पटेरिया को झूठे मामले में फंसाया गया है। वह हमेशा ही शोषित और दबे कुचले लोगों की आवाज उठाते रहे हैं। वह बुंदेलखंड के बहादुर नेता है। और आजादी का रास्ता भी जेल से होकर निकला है। उन्होंने कहा कि राजा पटेरिया बीजेपी के षड्यंत्र के शिकार हुए हैं। इसलिए पार्टी उन पर कोई कार्रवाई नहीं करेगी और अभी तक वह पार्टी में हैं।
पटेरिया जनता को उससे न्याय दिलाएंगे
उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी बुंदेलखंड में जो अत्याचार कर रही है। राजा पटेरिया जनता को उससे न्याय दिलाएंगे और 2023 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी, भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से उखाड़ फेंकने का काम करेगी।
निवास से गिरफ्तार किया था
दरअसल, कुछ दिन पहले पवई में राजा पटेरिया ने सभा के दौरान कहा था कि अगर लोकतंत्र को बचाना है तो हमें मोदी की हत्या के लिए तत्पर रहना होगा। इस बयान के बाद उसके खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर पन्ना पुलिस ने हटा स्थित निवास से गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उन्हें पवई के न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया, उनके वकील ने कोर्ट के सामने जमानत अर्जी दी, जिसे गैरजमानती धाराओं में अपराध पंजीबद्ध होने के कारण ठुकरा दिया गया।
ये भी पढ़े- Home Minister DR. नरोत्तम मिश्रा किया राहुल गांधी से सवाल, उन्हें सेना से इतनी नफरत क्यों है
Comments (0)