एमपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो से सांसद वीडी शर्मा का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने बयान देते हुए कांग्रेस के नेताओं पर जमकर तंज कसा और कहा कि, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे क्षेत्रवाद की राजनीति करके जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, तो उनके पुत्र भाषा के आधार पर देश को बांटना चाहते हैं।
कांग्रेस की बंटवारे वाली नीति को एमपी की जनता भली-भांति समझ चुकी है
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि, ध्यान रखें पीएम मोदी के नेतृत्व में पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक संपूर्ण भारत एक है, अब बंटवारा असंभव है। उन्होंने आगे तंज भरे अंदाज में कहा कि, कांग्रेस की इस बंटवारे वाली नीति को देश और मध्य प्रदेश की जनता भली-भांति समझ चुकी है। कांग्रेसी याद रखें कि, उनके इस तरह के घटिया विचारों का जवाब मध्य प्रदेश की जनता आने वाले चुनाव में जरूर देगी।
कांग्रेस केवल यह चाहती है कि, सदन हंगामे की भेंट चढ़ जाए
वहीं इससे पहले एमपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा था कि, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कह रहे हैं कि, सदन राजस्थान, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की चर्चा का फोरम नहीं है, लेकिन मणिपुर पर चर्चा हो। उन्होंने कहा कि, खड़गे जी आज आपने साफ कर दिया कि, कांग्रेस केवल यह चाहती है कि, किसी भी तरह सदन हंगामे की भेंट चढ़ जाए और जनहित के विषयों पर चर्चा ना हो।
राजस्थान में बहन-बेटियों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं
वीडी शर्मा ने कांग्रेस और खड़गे पर हमला करते हुए कहा कि, राजस्थान में बहन-बेटियों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। महिला अपराध में राजस्थान नंबर-1 पर है। भीलवाड़ा में 16 साल की बेटी से गैंगरेप कर उसे आग की भट्टी में डाल दिया गया, लेकिन शर्मनाक है कि, कांग्रेस अध्यक्ष कह रहे हैं इस तरह की घटनाओं की चर्चा सदन में नहीं हो सकती। आज राजस्थान की बेटियां पूछ रही हैं कि, कहाँ हैं प्रियंका गांधी और कांग्रेस का नेतृत्व? बेटियों पर अत्याचार और उनके मान-सम्मान पर क्षेत्रवाद की घृणित राजनीति करना बंद करें कांग्रेसी।
Comments (0)