सरकार की तरफ से महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से नई घोषणाएं कर रही है। विधानसभा चुनाव को देखते हुए राज्य सरकारें महिलाओं के लिए नित नई-नई योजनाएं लेकर आ रही हैं। इसी कड़ी में आज राजधानी भोपाल में महिला स्वयं सहायता समूह सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। दोपहर 12 बजे जम्बूरी मैदान में आयोजन होगा। आज सीएम शिवराज महिलाओं को 1400 स्कूटी वितरण और ऋण वितरण भी करेंगे। बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अलग-अलग जिलों से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचीं। चुनाव आचार संहिता लगने के पहले अलग-अलग वर्गों को सीएम शिवराज सौगात दे रहे हैं। समूह की ही महिलाओं को आज फ्री स्कूटी बांटी जाएगी।
आने-जाने में सहुलियत हो सकें
राज्य सरकार की तरफ से स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के लिए यह योजना बनाई गई है। इस योजना का लाभ शुरुआती तौर पर उन महिलाओं को दिया जाएगा जो स्वयं सहायता समूह से जुड़कर रोजगार कर रही हैं। ऐसे में इनको सरकार की ओर से फ्री स्कूटी का लाभ प्रदान किया जा रहा है जिससे उनको अपने रोजगार को बढ़ाने के लिए एक जगह से दूसरे जगह पर आने-जाने में सहुलियत हो सकें। शुरुआती तौर पर स्वयं सहायता समूह से जुड़ी 1400 महिलाओं को फ्री स्कूटी का लाभ प्रदान किया जा रहा है।
1400 महिलाओं को फ्री स्कूटी का वितरण
राज्य सरकार ने विद्यार्थियों के बाद अब महिलाओं को भी स्कूटी प्रदान करने का फैसला लिया है। योजना के शुरुआती चरण में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी 1400 महिलाओं को फ्री स्कूटी का वितरण किया जाएगा। मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह ने कहा है कि वे अपनी लाड़ली बहनों को स्वयं सहायता समूह से जोड़ेंगे ताकि वे रोजगार करके अपनी इनकम बढ़ा सकेंगी। बता दें कि प्रदेश सरकार महिलाओं को लाड़ली बहना योजना के तहत हर माह 1000 रुपए की राशि प्रदान कर रही है। अक्टूबर से बहनों को 1250 रुपए मिलेंगे। इतना ही नहीं इसके बाद साल दर साल राशि बढ़ाई जाएगी और यह राशि 3,000 रुपए तक कर दी जाएगी। इसके अलावा महिलाओं को रोजगार भी प्रदान किया जाएगा। उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ देकर हर माह उनकी आय 15,000 रुपए तक की जाएगी। इस दिशा में काम किया जा रहा है।
महिलाओं को 1000 रुपए की सहायता दी जा रही
अगर आप स्वयं सहायता समूह से जुड़ती हैं तो आपको और अधिक सहायता प्रदान की जाएगी। अभी लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को 1000 रुपए की सहायता दी जा रही है। 450 रुपए में सिलेंडर दिया जा रहा है, खाते में सब्सिडी दी जा रही है। फ्री आवास योजना के फॉर्म भी भरवाए जा रहे हैं। इसके अलावा यदि आप स्वयं सहायता समूह से जुड़ती हैं तो आपको और अधिक लाभ मिल सकेगा। बता दें कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य लाड़ली बहनों की आय 15000 रुपए मासिक करने का है।
Comments (0)