रायपुर। आगामी बीरगांव नगर निगम चुनाव को देखते हुए रायपुर पुलिस ने शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में उत्तर जोन पुलिस ने गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को थाने बुलाकर उन्हें सख्त हिदायत दी कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधियों में शामिल न हों।
डीसीपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई
दिनांक 22 नवंबर 2026 को पुलिस उपायुक्त (उत्तर जोन) श्रीमती दीपमाला कश्यप के निर्देशन में एडीसीपी आदित्य पांडे, एसीपी पूर्णिमा लामा, एसीपी कृष्ण कुमार चंद्राकर एवं संबंधित थाना प्रभारियों के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। इसके तहत उरला, खमतराई, गुढ़ियारी, खम्हारडीह और पंडरी थाना क्षेत्रों के गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को थाने बुलाया गया।
39 गुंडा और 17 निगरानी बदमाशों को समझाइश
पुलिस ने पांच थाना क्षेत्रों के कुल 56 बदमाशों को समझाइश दी। इनमें 39 गुंडा बदमाश और 17 निगरानी बदमाश शामिल हैं।
थाना वार बदमाशों का विवरण
- उरला थाना: 06 गुंडा बदमाश और 04 निगरानी बदमाश।
- खमतराई थाना: 12 गुंडा बदमाश और 05 निगरानी बदमाश।
- गुढ़ियारी थाना: 08 गुंडा बदमाश और 02 निगरानी बदमाश।
- खम्हारडीह थाना: 07 गुंडा बदमाश और 05 निगरानी बदमाश।
- पंडरी थाना: 06 गुंडा बदमाश और 01 निगरानी बदमाश।
चुनाव के दौरान शांति भंग करने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने सभी को क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, कानून का पालन करने और किसी भी तरह की अवैधानिक गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगामी नगर निगम चुनाव के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी।