छतरपुर जिले के सिंचाई कॉलोनी में सामने आए महिला हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चरित्र पर शक के चलते रियल एस्टेट कारोबारी पति ने किरायेदारों के साथ मिलकर पत्नी की गला दबाकर हत्या करवाई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मृतिका के पति सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
संदिग्ध मौत से हत्या तक का खुलासा
थाना सिविल लाइन क्षेत्र की सिंचाई कॉलोनी निवासी महिला कोमल यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत गला दबाकर किए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पति ने रची साजिश, प्लॉट का दिया लालच
जांच के दौरान मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले। पूछताछ में सामने आया कि पारिवारिक कलह और पत्नी के चरित्र पर शक के चलते मृतिका के पति दशरथ यादव ने सुनियोजित तरीके से अपने साथियों को प्लॉट का लालच देकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिलवाया।
चार आरोपी गिरफ्तार, सामग्री जब्त
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी दशरथ यादव पिता रतिराम यादव, निवासी सिंचाई कॉलोनी छतरपुर को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही अर्जुन श्रीवास पिता नंदू श्रीवास, निवासी ग्राम बसारी (हाल टीपी नगर) आशीष विश्वकर्मा पिता देशराज, निवासी ग्राम दौनी (हाल टीपी नगर) आरती विश्वकर्मा पति आशीष विश्वकर्मा, निवासी ग्राम दौनी को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस रिकॉर्ड में मुख्य आरोपी के खिलाफ पूर्व में मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामले दर्ज होना भी सामने आया है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है और पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है
Comments (0)