रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आईएनडी-24 न्यूज चैनल के विशेष कार्यक्रम ‘मुख्यमंत्री जी से संवाद – छत्तीसगढ़ के विकास का विजन’ में प्रदेश की तीन वर्षों की उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री की गारंटियों, औद्योगिक निवेश, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और बस्तर में शांति एवं विकास को लेकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
पहली कैबिनेट में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिसंबर 2023 में सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने का काम शुरू किया गया। पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को मंजूरी दी गई। किसानों को दो वर्षों का लंबित धान बोनस दिया गया और 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की व्यवस्था लागू की गई। वहीं, तेंदूपत्ता संग्राहकों की पारिश्रमिक दर बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की गई। महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए महतारी वंदन योजना शुरू की गई।
8.60 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, आधुनिक उद्योगों पर फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में पिछले तीन वर्षों में 8.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें लगभग 50 प्रतिशत निवेश आधुनिक तकनीक और रोजगार आधारित क्षेत्रों से जुड़े हैं। प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए 450 से अधिक सुधार किए गए हैं। नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर इकाई और देश का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा फार्मा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और रेडीमेड गारमेंट पार्क विकसित किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को आधुनिक तकनीक और उद्योगों का प्रमुख केंद्र बनाना है।
68 लाख महिलाओं को मिल रहा महतारी वंदन का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। नवंबर 2026 तक 33 किस्तों में 21,350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में भेजी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 14 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिलाओं के नाम अचल संपत्ति की रजिस्ट्री पर पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत और स्टांप शुल्क में एक प्रतिशत की छूट दी जा रही है। महिला स्व-सहायता समूहों को रेडी-टू-ईट का काम दोबारा सौंपा गया है।
14 लाख विद्यार्थियों को एआई प्रशिक्षण देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री सेतु योजना के तहत 30 आईटीआई का उन्नयन किया जा रहा है। छह शासकीय इंजीनियरिंग और पॉलीटेक्निक कॉलेजों को सीजीआईटी के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री एआई मिशन के माध्यम से 14 लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा 273 करोड़ रुपये की लागत से 38 नालंदा लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं। नवा रायपुर में 200 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित किया जा रहा है।
बस्तर में स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। गीदम में मेडिकल कॉलेज और जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का संचालन शुरू हुआ है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए दूरस्थ गांवों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में वर्षों से बंद स्कूलों को दोबारा शुरू किया गया है। अबूझमाड़ के ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं। बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए सरस्वती साइकिल योजना के तहत 1.62 लाख बालिकाओं को लाभ दिया गया है।
नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता, बस्तर में विकास का नया दौर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलताएं मिली हैं। बस्तर अब हिंसा और भय से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की नई पहचान की ओर बढ़ रहा है। बस्तर को देश का अग्रणी जनजातीय संभाग बनाने के लिए बस्तर रोडमैप 2.0 तैयार किया गया है। सुरक्षा शिविरों को शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा के रूप में विकसित किया जा रहा है। सरकार का फोकस सुरक्षा के साथ सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और आजीविका के अवसर बढ़ाने पर है।
किसानों को 21 क्विंटल के बराबर इनपुट सब्सिडी
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की समृद्धि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का आधार है। सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कर रही है। साथ ही, 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी 21 क्विंटल के बराबर पूरी इनपुट सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है। इससे कम उत्पादन वाले क्षेत्रों के छोटे और सीमांत किसानों को राहत मिलेगी।
पर्यटन और जनजातीय संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहर और जनजातीय संस्कृति पर्यटन के क्षेत्र में बड़ी संभावनाएं रखती हैं। पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया गया है और मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन शुरू किया गया है। होमस्टे नीति 2025-30 के माध्यम से स्थानीय रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। बस्तर पंडुम के जरिए लोक कला, नृत्य, संगीत और पारंपरिक खान-पान को व्यापक मंच दिया जा रहा है। वहीं, अखरा विकास योजना के माध्यम से जनजातीय आस्था स्थलों का विकास किया जा रहा है।
खेल, ऊर्जा और अधोसंरचना विकास पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन शुरू किया गया है। वहीं, आवास, सड़क, रेल, पेयजल और ऊर्जा क्षेत्र में भी तेजी से काम किया जा रहा है। प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण हो रहा है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 1.38 लाख सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।
विकसित छत्तीसगढ़ के लिए सरकार का संकल्प
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार का विकास विजन केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। किसानों और महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुशासन, सामाजिक न्याय, आधुनिक तकनीक और जनभागीदारी के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना सरकार का संकल्प है। विकास की इस यात्रा में कोई भी व्यक्ति, परिवार या क्षेत्र पीछे नहीं छूटना चाहिए।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद रूपकुमारी चौधरी, राजिम विधायक रोहित साहू, आईएनडी-24 के प्रमुख नवीन पुरोहित, स्टेट हेड निधि प्रसाद सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।