CG NEWS : रायपुर, 21 जुलाई 2023/ राज्यपाल श्री विश्वभूषण हरिचंदन आज भुवनेश्वर में आयोजित ऑल इंडिया लघु एवं मध्यम समाचार पत्र फेडरेशन के राष्ट्रीय सम्मेलन में वर्चुअल रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव लाने के लिए समाचार पत्रों की महती भूमिका है। राज्यपाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में लघु समाचार पत्रों का योगदान भुलाया नही जा सकता। आजादी के लिए जागरूकता और उत्साह भरने और एकजुट होकर लड़ने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन लघु समाचार पत्र ने किया। महात्मा गांधी जी द्वारा संपादित ‘‘हरिजन‘‘ पत्रिका ने स्वदेशी आंदोलन को जन-जन तक पहंुचाने में विशेष भूमिका निभाई। यंग इंडिया जैसी पत्रिकाएं भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में अंग्रेजों के विरूद्ध लड़ाई के साथ-साथ सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लोगो को जागरूक करने का काम करती थीं। राज्यपाल ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। और लोकतंत्र में प्रेस की महती भूमिका है। संविधान में सभी को समान अधिकार प्राप्त है। सभी को अपने विचार व्यक्त करने का अधिकार है। लोगों को न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। जब लोगों के मुलभूत अधिकारों का हनन होता है तो शोषण के खिलाफ लड़ने और लोगों को उनका अधिकार दिलाने के लिए प्रेस की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
Comments (0)