केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एक बार फिर अपने अनोखे अंदाज के कारण चर्चा में हैं। अशोकनगर जिले के चंदेरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मोबाइल के बढ़ते इस्तेमाल और इससे रिश्तों में आ रही दूरी पर दिलचस्प अंदाज में टिप्पणी की। उनकी बातों ने जहां लोगों को सोचने पर मजबूर किया, वहीं बीच-बीच में हंसी भी पैदा कर दी।
“सब अपने-अपने डब्बे में कैद”
सभा को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा, “आज मैं देखता हूं, मंच पर भी, मंच के नीचे भी, गाड़ी में भी, प्लेन में भी… कहीं भी पांच लोग बैठे होंगे, लेकिन कोई किसी से बात नहीं करता। सब अपने-अपने डब्बे में कैद हैं, अपने डब्बे में मस्त हैं।” उन्होंने आगे कहा कि अब तो पति-पत्नी भी एक-दूसरे से कम और मोबाइल से ज्यादा बात करते हैं। “पति अपने डिब्बे में, पत्नी अपने डिब्बे में… ऐसे में रिश्ते कैसे बनेंगे?” उनकी यह टिप्पणी सुनकर सभा में लोग मुस्कुराने लगे।
“मैं डब्बा मंत्री हूं”
स्पीच के दौरान सिंधिया ने खुद पर भी हल्का-फुल्का मजाक किया। उन्होंने हंसते हुए कहा, “मैं डब्बा मंत्री हूं और डब्बे का जितना इस्तेमाल होगा, मेरे लिए उतना ही अच्छा होगा।” उनकी यह बात सुनते ही सभा में ठहाके गूंज उठे।
दूरसंचार मंत्री का अलग संदेश
ज्योतिरादित्य सिंधिया वर्तमान में केंद्र सरकार में दूरसंचार मंत्री हैं। 5-जी नेटवर्क विस्तार और डिजिटल कनेक्टिविटी बढ़ाने में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। लेकिन उन्होंने तकनीक के उपयोग में संतुलन बनाए रखने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि कम से कम भोजन के समय परिवार को मोबाइल दूर रखकर आपसी संवाद करना चाहिए।
Comments (0)