उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य का 10वां बजट पेश करते हुए कहा कि इस बजट में 43,565 करोड़ रुपये नई योजनाओं के लिए और 2 लाख करोड़ रुपये पूंजीगत व्यय के लिए प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री ने बजट को अर्थव्यवस्था सुदृढ़ करने और रोजगार सृजन के लिए महत्वपूर्ण बताया।
यूपी के बजट में 3 गुना से अधिक वृद्धि हुई
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, ये हमारी सरकार का 10वां बजट है और पहली बार हुआ है जब किसी मुख्यमंत्री को उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में 10वां बजट पेश करने का अवसर मिला है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि पिछले 9 साल में उत्तर प्रदेश के बजट में 3 गुना से अधिक वृद्धि हुई है।
हर वर्ग के कल्याण को ध्यान में रखकर बना बजट
उन्होंने आगे पत्रकारों को बताया है कि, बजट की थीम “सुरक्षित नारी, सक्षम युवा, खुशहाल किसान और हर हाथ को काम” है। मुख्यमंत्री ने इसे 9 साल के नव निर्माण की नई गाथा बताते हुए कहा कि यह बजट राज्य के हर वर्ग के कल्याण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
यह घाटे का बजट है - शिवपाल सिंह यादव
हालांकि, समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता शिवपाल सिंह यादव ने इस बजट की आलोचना की। पूर्व मंत्री यादव ने कहा कि, यह घाटे का बजट है। भाजपा के अब तक के सभी बजटों की तरह इसमें किसानों, गरीबों और युवाओं के लिए कुछ नहीं है। पूर्वांचल और बुंदेलखंड को नजरअंदाज किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, यह सिर्फ दिखावे का बजट है और जनता को धोखा ही मिलेगा।
Comments (0)