मध्यप्रदेश में इस समय कड़ाके की ठंड ने जनजीवन पर असर डाला है। विशेष रूप से प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में सर्दी का प्रभाव असामान्य रूप से बढ़ गया है। पहाड़ी राज्यों में जारी बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण तापमान तेजी से गिरा है। शहडोल जिले के कल्याणपुर में बीती रात न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सर्दी में सबसे कम माना जा रहा है।
पूर्वी मध्यप्रदेश में पहली बार इतनी तेज ठंड
इस सर्दी के मौसम में पहली बार मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्सों जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 और 30 दिसंबर की रात कई शहरों का तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा। कल्याणपुर के अलावा छतरपुर के नौगांव में 3 डिग्री, उमरिया में 3.1 डिग्री, खजुराहो में 4.4 डिग्री, राजगढ़ में 4.6 डिग्री और पचमढ़ी में 4.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी समेत 30 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे
प्रदेश के मंडला और रीवा में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के आसपास रहा, सतना में 5.2 डिग्री, दतिया में 5.7 डिग्री और मलाजखंड में 5.8 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में रात का तापमान 5.6 डिग्री तक गिर गया। इंदौर और ग्वालियर में 6.6 डिग्री, उज्जैन में 9.2 डिग्री और जबलपुर में 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के लगभग 30 शहर ऐसे रहे, जहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।
कोहरा और शीतलहर से जनजीवन प्रभावित
सुबह के समय घना कोहरा और शीतलहर कई जिलों में देखा गया। दतिया और खजुराहो में दृश्यता 50 से 200 मीटर के बीच रही। सतना, नौगांव, रीवा, सीधी, खरगोन और मंडला में भी घना कोहरा छाया रहा। इसका असर रेल यातायात पर भी पड़ा, जिससे दिल्ली से भोपाल, इंदौर और उज्जैन आने वाली 10 से अधिक ट्रेनें देरी से पहुंचीं।
शीत लहर की चेतावनी वाले जिले
मौसम विभाग ने भोपाल, शहडोल और उमरिया जिलों में शीत लहर की चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में रात और सुबह का तापमान सामान्य से काफी नीचे रहने की संभावना है। ठंडी हवाओं के कारण खुले क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ सकती है। ग्वालियर, दतिया और निवाड़ी जिलों में शीत दिन की स्थिति बनने की आशंका है। छतरपुर जिले में शीत लहर और शीत दिन दोनों की चेतावनी दी गई है।
घने कोहरे का अलर्ट
भिंड, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, टीकमगढ़, मैहर, छतरपुर, ग्वालियर, दतिया और निवाड़ी जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है। सुबह के समय दृश्यता कम रहने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Comments (0)