स्वामी विवेकानंद की जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर शासकीय सुभाष उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय, शिवाजी नगर में सामूहिक योग और सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यार्थियों के साथ योग और सूर्य नमस्कार किया। कार्यक्रम में मंत्री कृष्णा गौर, मंत्री राकेश सिंह और महापौर भी मौजूद रहे। प्रदेशभर के स्कूलों में सुबह 9.30 से 10.15 बजे तक वंदे मातरम्, स्वामी विवेकानंद का ऑडियो संदेश और मुख्यमंत्री का संदेश प्रसारित किया गया।
बच्चों के लिए संदेश: नशे से दूर, रोज 30 मिनट व्यायाम
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि योग और सूर्य नमस्कार हमारी सनातन परंपरा हैं और इन्हें किसी भी काम की शुरुआत के लिए अपनाना चाहिए। योग केवल साधना नहीं है, बल्कि यह उत्कृष्टता की ओर ले जाता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वदेशी उत्पाद अपनाने चाहिए, पढ़ाई के साथ-साथ अन्य किताबें भी पढ़नी चाहिए, पोषण युक्त भोजन करना चाहिए, जंक फूड और नशे से दूर रहना चाहिए, रोजाना 30 मिनट व्यायाम करें और कोई न कोई खेल जरूर खेलें।
हताशा नहीं, आशा से भरे
सीएम ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि अपनी भावनाएं परिवार और दोस्तों से साझा करें, हताशा से नहीं, बल्कि आशा से भरे रहें। प्रत्येक पल को आनंद और प्रकृति के लिए जिएं। उन्होंने सोमनाथ मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि इतिहास में आक्रांताओं ने इसे मिटाने की कोशिश की थी, लेकिन आज राम मंदिर के भूमिपूजन और राष्ट्रीय कार्यक्रमों के माध्यम से गर्व महसूस होता है। “गर्व से कहो, हम हिंदू हैं,” उन्होंने कहा।
सनातन संस्कृति और देश की युवा शक्ति
डॉ. मोहन यादव ने बताया कि स्वामी विवेकानंद ने विश्व में सनातन संस्कृति का परचम लहराया और वसुधैव कुटुंबकम् के संदेश को फैलाया। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वामी विवेकानंद जयंती अलग रूप में मनाई जा रही है और देश सनातन संस्कृति के साथ आगे बढ़ रहा है। हमारा देश दुनिया का सबसे युवा देश है। संघ का शताब्दी वर्ष चल रहा है और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सीएम ने युवाओं के प्रेरणापुंज स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए राष्ट्रीय युवा दिवस पर सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
Comments (0)