रंगों के पावन पर्व होली पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि यह त्योहार सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता के रंग भर दे। प्रधानमंत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि होली का यह पर्व हर किसी के जीवन में खुशियों की बहार लेकर आए और सभी के जीवन में आनंद, उत्साह और उपलब्धियों की रंगीन छटा बिखेरे।
एक अन्य संदेश में उन्होंने कहा कि होली पूरे वातावरण में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करती है। चारों ओर बिखरे खुशियों के रंग हर व्यक्ति को उल्लास और आनंद से भर देते हैं, यही इस त्योहार की सबसे बड़ी विशेषता है। पीएम मोदी ने इस अवसर पर एक ‘संस्कृत सुभाषितम्’ भी साझा किया, जिसमें वसंत ऋतु के आगमन, खिले हुए फूलों, सुगंधित वातावरण और मधुर गीतों के माध्यम से प्रेम और नवजीवन के उत्सव का सुंदर वर्णन किया गया है।
इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी देशवासियों को होली की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, आशा, एकता और भाईचारे को मजबूत करता है। उन्होंने कामना की कि होली सभी के जीवन में खुशियां लाए और देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयासों को प्रेरित करे।
Comments (0)