अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव का असर अब सीधे भारतीय समुद्री व्यापार पर देखने को मिल रहा है। ईरान ने दुनिया के सबसे अहम समुद्री मार्ग होर्मुज रूट को बंद कर दिया है, जिससे भारतीय झंडे वाले 37 जहाज और इनमें सवार 1,109 भारतीय नाविक फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी में फंसे हुए हैं। इन जहाजों में भारत के लिए आवश्यक कच्चा तेल (क्रूड ऑयल) और एलएनजी भी लदा हुआ है।
नाविकों की स्थिति गंभीर
बताया जा रहा है कि इन जहाजों पर काम करने वाले कम से कम 3 भारतीय नाविकों की मौत हो चुकी है, जबकि एक नाविक घायल है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शिपिंग मंत्रालय ने ‘क्विक रिस्पांस टीम’ का गठन किया है। यह टीम फंसे हुए नाविकों और उनके परिवारों की मदद के लिए 24 घंटे काम करेगी।
मिडिल ईस्ट से भारतीयों की वापसी
इसी बीच मिडिल ईस्ट में फंसे 2,100 से अधिक भारतीय मंगलवार को 7 स्पेशल फ्लाइट्स के जरिए भारत लौट आए। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और एयरस्पेस बंद होने के कारण दिल्ली, मुंबई, बैंगलोर और चेन्नई एयरपोर्ट पर 250 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। इनमें दिल्ली से 80+, मुंबई से 107, बेंगलुरु से 42 और चेन्नई से 30 उड़ानें शामिल हैं। एयर इंडिया ने जेद्दा और दुबई के लिए राहत उड़ानें शुरू की हैं, जबकि इंडिगो जेद्दाह से हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद के लिए 10 विशेष उड़ानें चला रहा है।
पीएम मोदी ने खाड़ी देशों से संपर्क
प्रधानमंत्री Narendra Modi ने भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पिछले दो दिनों में 8 खाड़ी देशों के नेताओं से बात की। पीएम ने ओमान के सुल्तान, कतर के अमीर और कुवैत के क्राउन प्रिंस से फोन पर संवाद कर वहां हुए हमलों की कड़ी निंदा की।
Comments (0)