कोलकाता: पश्चिम बंगाल में डेंगू के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को लेकर केंद्र सरकार ने राज्य सरकार की सराहना की है। यह दावा पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शरद्वत मुखर्जी ने IND24 से खास बातचीत के दौरान किया। उन्होंने कहा कि डेंगू के मामलों की निगरानी, आंकड़ों को नियमित रूप से अपडेट करने और विशेष जागरूकता अभियान चलाने के मामले में पश्चिम बंगाल ने उल्लेखनीय काम किया है।
स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, एक समय ऐसा था जब राज्य में पिछले 15 वर्षों तक डेंगू से जुड़े आंकड़े केंद्र सरकार की वेबसाइट पर नियमित रूप से अपलोड नहीं किए जाते थे। हालांकि, अब राज्य सरकार न केवल आंकड़ों को अपडेट कर रही है, बल्कि केंद्र के साथ जरूरी जानकारी भी साझा कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इसी प्रयास के चलते केंद्र सरकार ने डेंगू के खिलाफ लड़ाई में पश्चिम बंगाल के कामकाज की प्रशंसा की है।
मुख्यमंत्री खुद लेते हैं डेंगू की स्थिति पर बैठक
डॉ. शरद्वत मुखर्जी ने बताया कि केंद्र सरकार को पश्चिम बंगाल की दो व्यवस्थाएं विशेष रूप से प्रभावशाली लगी हैं। पहली, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी खुद डेंगू की स्थिति को लेकर बैठक करते हैं और अभियान की समीक्षा करते हैं। इससे बीमारी की रोकथाम और नियंत्रण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी बनी रहती है।
साल में दो बार मनाया गया डेंगू माह
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि पश्चिम बंगाल में साल में दो बार औपचारिक रूप से 'डेंगू माह' मनाया गया। इस दौरान मच्छरों की रोकथाम, जागरूकता और संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए विशेष अभियान चलाए गए।
उन्होंने दावा किया कि इन अभियानों के प्रभाव से मच्छरों की संख्या में अचानक और उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई। मंत्री के अनुसार, केंद्र सरकार ने भी डेंगू माह के दौरान किए गए प्रयासों और उनके परिणामों को खास तौर पर देखा है।
दूसरे राज्यों को भी बंगाल मॉडल अपनाने की सलाह
स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, केंद्र सरकार ने अन्य राज्यों को भी पश्चिम बंगाल के प्रयासों से सीख लेने और इसी तरह की रणनीति अपनाने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में डेंगू नियंत्रण के लिए अपनाए जा रहे तरीकों को दूसरे राज्यों के लिए उदाहरण के तौर पर पेश किया गया है।
डॉ. शरद्वत मुखर्जी ने बातचीत में स्पष्ट किया कि आंकड़ों की नियमित निगरानी, मुख्यमंत्री की सीधी समीक्षा और साल में दो बार डेंगू माह का आयोजन राज्य के अभियान की प्रमुख विशेषताएं हैं।