भोपाल - किसानों को लेकर दिए गए बयान पर विवाद बढ़ने के बाद रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने माफी मांगी है। सांसद ने वीडियो जारी कर कहा कि उनके कुछ शब्दों से किसान भाइयों की भावनाओं को ठेस पहुंची है, जिसके लिए वे क्षमा चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसानों की आलोचना करना नहीं, बल्कि खेती के साथ गौपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की बात करना था।
जनार्दन मिश्रा ने कहा कि वे स्वयं किसान परिवार से आते हैं और किसानों की समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि उनके बयान को सही संदर्भ में नहीं दिखाया गया, फिर भी यदि उनकी बातों से किसी किसान को आघात पहुंचा है तो वे क्षमा मांगते हैं। सांसद ने भरोसा दिलाया कि वे हमेशा किसानों के हितों के लिए उनके साथ खड़े रहेंगे।
मऊगंज के कार्यक्रम में दिया था विवादित बयान
दरअसल, सोमवार को मऊगंज में आयोजित एक स्थानीय कार्यक्रम के दौरान सांसद जनार्दन मिश्रा ने किसानों को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि किसान साल में तीन महीने खेती में मेहनत करते हैं, जबकि बाकी समय ताश, राजश्री, बोतल, चोंगी और जय भोले चढ़ाने में बिताते हैं। बयान का वीडियो सामने आने के बाद इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया।
गौपालन और दुग्ध उत्पादन पर दिया जोर
विवाद के बाद सांसद ने अपने बयान का पक्ष रखते हुए कहा कि वे किसानों को खेती के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन से जोड़ने की बात कर रहे थे। उनके मुताबिक गौपालन किसानों की आय बढ़ाने का एक अतिरिक्त माध्यम बन सकता है। गोबर से जैविक खाद तैयार कर प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा दिया जा सकता है, जिससे मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में मदद मिलेगी। बयान पर विवाद के बाद अब जनार्दन मिश्रा की माफी को लेकर सियासी प्रतिक्रियाएं भी सामने आने की संभावना है।