कोलकाता: पश्चिम बंगाल की शहरी विकास एवं नगर मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कोलकाता में बढ़ते वायु प्रदूषण से निपटने के लिए एक अनोखी पहल का प्रस्ताव रखा है। अब शहर के अलग-अलग इलाकों में होने वाले वाटर मिस्ट स्प्रे में गुलाब जल भी मिलाया जाएगा। सरकार का दावा है कि इससे हवा में मौजूद धूल के कणों को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और शहर के वातावरण में गुलाब की खुशबू भी फैलेगी। हालांकि, मंत्री के इस सुझाव को लेकर पर्यावरणविदों ने सवाल खड़े किए हैं।
AQI वाले इलाकों में पहले से हो रहा वाटर मिस्ट स्प्रे
अग्निमित्रा पाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए बताया कि कोलकाता नगर निगम (KMC) की ओर से शहर के विभिन्न हिस्सों में नियमित रूप से वाटर मिस्ट स्प्रे किया जा रहा है। खासतौर पर उन इलाकों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) अपेक्षाकृत अधिक रहता है।
मंत्री के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य हवा में मौजूद धूल के कणों की मात्रा कम करना और वायु गुणवत्ता को कुछ हद तक नियंत्रित रखना है। इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए काली पूजा सहित विभिन्न त्योहारों और विशेष आयोजनों के दौरान पानी में गुलाब जल मिलाकर स्प्रे करने की योजना बनाई गई है।
लंदन के AQI का दिया उदाहरण
अग्निमित्रा पाल ने अपने पोस्ट में हालिया लंदन दौरे का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि लंदन के कई इलाकों में AQI 10 से नीचे और कुछ जगहों पर लगभग 1 तक देखा। इसके विपरीत, उनके मुताबिक कोलकाता में साल के अधिकांश समय AQI 200 से नीचे नहीं आता।
उन्होंने शहर की वायु गुणवत्ता को आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय बताते हुए कहा कि प्रशासन अपने स्तर पर हवा को स्वच्छ और वातावरण को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
पर्यावरणविद् ने बताया दिखावटी उपाय
मंत्री के इस प्रस्ताव पर पर्यावरणविद् सोमेंद्र मोहन घोष ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि गुलाब जल के छिड़काव से वातावरण में कुछ समय के लिए अच्छी खुशबू जरूर फैल सकती है, लेकिन इससे प्रदूषण की मूल समस्या का समाधान नहीं होगा।
उन्होंने पुराने डीजल और पेट्रोल वाहनों से निकलने वाले धुएं को PM2.5, PM10 और ब्लैक कार्बन का प्रमुख स्रोत बताया। इसके अलावा, सड़क किनारे भोजन की दुकानों और छोटे स्टॉलों पर कोयले से चलने वाले चूल्हों के इस्तेमाल को बंद कर LPG या इलेक्ट्रिक विकल्प अपनाने की जरूरत बताई।
100 वाटर कैनन लगाने का सुझाव
सोमेंद्र मोहन घोष ने शहर में लगभग 100 वाटर कैनन लगाने का सुझाव भी दिया। उनका मानना है कि इनके जरिए सड़कों, फ्लाईओवर और धूल प्रभावित इलाकों की नियमित धुलाई की जा सकती है। इससे हवा में उड़ने वाली धूल को कम करने के साथ पेड़-पौधों की पत्तियों पर जमा धूल भी साफ की जा सकेगी।