पश्चिम एशिया में जारी ईरान–इजरायल–अमेरिका संघर्ष के चलते शेयर बाजार में गिरावट का माहौल है। ऐसे में निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं, जिसका सीधा असर सोना (Gold Rate Today) और चांदी (Silver Rate Today) की कीमतों पर देखने को मिल रहा है। बुधवार के शुरुआती कारोबारी सत्र में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी दर्ज की गई।
कितना पहुंचा सोने-चांदी का रेट?
एमसीएक्स पर अप्रैल डिलीवरी वाला गोल्ड फ्यूचर्स 1.44% यानी 2,324 रुपये बढ़कर 1,63,432 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, मई डिलीवरी वाला सिल्वर फ्यूचर्स 2.65% यानी 7,021 रुपये चढ़कर 2,72,339 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। हालांकि पिछले सत्र में दोनों कीमती धातुओं में भारी गिरावट देखी गई थी। अप्रैल गोल्ड फ्यूचर्स 3% गिरकर 1,61,108 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जबकि मई सिल्वर फ्यूचर्स करीब 5% टूटकर 2,65,318 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ।
डॉलर इंडेक्स और बॉन्ड यील्ड में उछाल
डॉलर इंडेक्स बढ़कर 99.33 के स्तर पर पहुंच गया, जो कई महीनों का उच्च स्तर है। वहीं अमेरिकी 10 साल के बॉन्ड यील्ड 4% के पार चला गया। निवेशकों को आशंका है कि ऊर्जा कीमतों में तेजी से महंगाई बढ़ सकती है, जिससे फेडरल रिजर्व को ब्याज दरें ऊंची बनाए रखनी पड़ सकती हैं।
पश्चिम एशिया में गहराता संकट
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। इजरायल ने तेहरान और बेरूत में नए हमलों का दावा किया है। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि युद्ध चार से पांच हफ्तों तक चल सकता है और जरूरत पड़ी तो इससे अधिक समय भी लग सकता है।
क्या कह रहे हैं जानकार?
विशेषज्ञों का मानना है कि लंबी अवधि में कीमती धातुओं का रुझान मजबूत बना हुआ है, लेकिन फिलहाल बाजार में अस्थिरता अधिक है। ऐसे में नई पोजिशन लेने से पहले बाजार में स्थिरता का इंतजार करना बेहतर होगा। एमसीएक्स पर सोने को 1,59,100–1,57,700 रुपये पर सपोर्ट और 1,63,500–1,65,800 रुपये पर रेजिस्टेंस बताया गया है। वहीं चांदी के लिए 2,57,700–2,51,500 रुपये सपोर्ट और 2,71,000–2,78,800 रुपये रेजिस्टेंस स्तर माना जा रहा है।
Comments (0)