रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के मामले में पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए डॉक्टर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में डॉ. खिर सिंधु महानंद, प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा शामिल हैं। पुलिस के खुलासे के मुताबिक, आरोपी अस्पताल की सील लगाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करते थे और इसी के जरिए नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या बढ़कर छह हो गई है।
पहले गिरफ्तार हुई थीं तीन महिला आरोपी
इस मामले में पुलिस ने पहले तीन महिला आरोपियों कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार किया था। उनसे पूछताछ और जांच के दौरान तीन अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने डॉक्टर समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अस्पताल में भर्ती किए बिना बनाता था फर्जी डिस्चार्ज टिकट
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी डॉ. खिर सिंधु महानंद नवजात शिशु के क्रेता यानी लाभार्थी को अस्पताल में भर्ती किए बिना ही अस्पताल की सील लगाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करता था। इसके बाद यह टिकट महिला आरोपी कृतिका साहू को उपलब्ध कराया जाता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वर्ष 2026 में कुल तीन डिलीवरी होने और 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जाने की जानकारी दी है। उसके कब्जे से प्रार्थिया के उपचार से संबंधित दस्तावेज और ओपीडी रिकॉर्ड रजिस्टर भी जब्त किया गया है।
आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को बनाते थे निशाना
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी प्रकाश कुमार कौरव पुरुष नर्स का काम करता था। वह अश्वनी शर्मा के साथ मिलकर कृतिका साहू, गीतिका नाग, अहिल्या नामदेव और अन्य आरोपियों के साथ नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में शामिल था। आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं और अविवाहित गर्भवती महिलाओं को तलाशते थे। इसके बाद उन्हें प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जाता था। प्रसव के बाद नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त का सौदा किया जाता और मिलने वाली रकम आपस में बांट ली जाती थी।
पैसों के लेन-देन की जिम्मेदारी संभालता था अश्वनी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अश्वनी शर्मा नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के एवज में होने वाले पैसों के लेन-देन का काम संभालता था। प्रार्थिया को भी इसी तरीके से प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की आर्थिक गतिविधियों और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
ओडिशा की गर्भवती महिला को झांसा देकर बुलाया था रायपुर
बता दें कि नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के इस मामले का खुलासा तब हुआ था, जब ओडिशा की एक गर्भवती महिला को निःशुल्क प्रसव और उपचार का झांसा देकर रायपुर बुलाया गया था। प्रसव के बाद उसके नवजात बच्चे को बेचने के इरादे से महिला को बच्चे समेत बंधक बना लिया गया था। महिला की शिकायत पर आजाद चौक थाने में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।