भोपाल | देश के पोल्ट्री क्षेत्र को बर्ड फ्लू जैसी खतरनाक बीमारी से बचाने की दिशा में केंद्र सरकार एक अहम पहल करने जा रही है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को भारत की पहली स्वदेशी इनएक्टिवेटेड H5N1 हाईली पैथोजेनिक एवियन इन्फ्लूएंजा (HPAI) वैक्सीन लॉन्च करेंगे। इस वैक्सीन को भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिसीज (NIHSAD) ने विकसित किया है। यह वैक्सीन मुर्गियों को बर्ड फ्लू के खतरनाक H5N1 स्ट्रेन से सुरक्षा देने के उद्देश्य से तैयार की गई है। इससे पोल्ट्री किसानों को होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करने और बीमारी के प्रसार पर नियंत्रण में मदद मिलने की उम्मीद है।
क्या है H5N1 बर्ड फ्लू और क्यों है खतरनाक?
हाईली पैथोजेनिक एवियन इन्फ्लूएंजा (HPAI) को आमतौर पर बर्ड फ्लू कहा जाता है। यह मुर्गियों और अन्य पक्षियों के लिए गंभीर खतरा है। इसके प्रकोप के दौरान पूरे पोल्ट्री झुंड में संक्रमण फैलने और बड़ी संख्या में पक्षियों की मौत होने का जोखिम रहता है। बीमारी फैलने पर संक्रमित पक्षियों को मारना पड़ सकता है और पोल्ट्री उत्पादों के व्यापार पर प्रतिबंध भी लगाए जा सकते हैं। इसका असर अंतरराष्ट्रीय बाजारों, पोल्ट्री उत्पादों की कीमतों और किसानों की आमदनी पर पड़ता है।
भारत में 500 से अधिक बर्ड फ्लू प्रकोप
भारत में वर्ष 2006 में बर्ड फ्लू का पहला मामला सामने आने के बाद से H5N1 और H5N8 सबटाइप के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं। सरकारी अनुमानों के मुताबिक, बड़े स्तर पर बीमारी फैलने की स्थिति में भारत की GDP वृद्धि में 1.5 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है। इसके अलावा देश की 20 प्रतिशत से अधिक पोल्ट्री आबादी खतरे में पड़ सकती है। वर्ष 2006 में हुए प्रकोप से लगभग 2,200 करोड़ से 3,000 करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नुकसान होने का अनुमान लगाया गया था। वहीं, मणिपुर में हुए एक अन्य प्रकोप से राज्य की GDP के 0.5 प्रतिशत के बराबर आर्थिक नुकसान हुआ था।
इंसानों के लिए भी गंभीर खतरा
बर्ड फ्लू केवल पोल्ट्री कारोबार और पशुपालन तक सीमित समस्या नहीं है, बल्कि यह सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए भी चिंता का विषय है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, वर्ष 2003 से अब तक भारत सहित 25 देशों में H5N1 एवियन इन्फ्लूएंजा के 1,003 मानवीय मामले सामने आए हैं। इनमें 479 लोगों की मौत हुई है। वायरोलॉजिकल अध्ययनों के मुताबिक, मुर्गियों में संक्रमण के अधिकांश प्रकोपों के लिए H5N1 क्लेड 2.3.2.1A स्ट्रेन जिम्मेदार रहा है। हाल के वर्षों में मुर्गियों के अलावा स्तनधारी जानवरों में भी संक्रमण के मामले सामने आए हैं। इंसानों में भी इस स्ट्रेन से जुड़े तीन मामले सामने आने की जानकारी दी गई है।
स्वदेशी वैक्सीन से क्या होगा फायदा?
अब तक मुर्गियों को H5N1 क्लेड 2.3.2.1A स्ट्रेन से बचाने के लिए कोई विशेष व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। ICAR-NIHSAD की ओर से विकसित स्वदेशी इनएक्टिवेटेड वैक्सीन इसी स्ट्रेन से सुरक्षा देने के उद्देश्य से तैयार की गई है।
इस वैक्सीन से संभावित रूप से तीन बड़े फायदे हो सकते हैं:
- मुर्गियों को H5N1 संक्रमण से बचाने में मदद मिलेगी।
- पोल्ट्री किसानों को बीमारी के कारण होने वाले आर्थिक नुकसान में कमी आ सकती है।
- मुर्गियों से अन्य जानवरों और इंसानों तक वायरस के प्रसार को सीमित करने में मदद मिल सकती है।
भारत में विकसित इस वैक्सीन को पोल्ट्री क्षेत्र की बीमारी नियंत्रण व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।