भोपाल | मौजूदा चैंपियन भारतीय महिला हॉकी टीम ने विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में शानदार आगाज किया है। गुरुवार को भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 4-1 से करारी शिकस्त दी। हाफ-टाइम तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर थीं, लेकिन दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने तीन गोल दागकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने अपने पहले राउंड-रॉबिन मैच से पूरे तीन अंक हासिल किए।
मलेशिया ने बनाई बढ़त, मुमताज खान ने की बराबरी
मुकाबले के पहले क्वार्टर में दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। दूसरे क्वार्टर में मलेशिया की नूरमीरा जुल्किफली ने 19वें मिनट में फील्ड गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, भारत ने तुरंत पलटवार किया। अगले ही मिनट मुमताज खान ने गोल दागकर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद पहले हाफ में कोई और गोल नहीं हुआ और दोनों टीमें बराबरी पर रहीं।
कप्तान सलीमा टेटे और डेब्यूटेंट पूजा साहू ने दिलाई बढ़त
दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने आक्रामक रुख अपनाया। 35वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर के दौरान गोल के सामने बने मौके का फायदा उठाते हुए कप्तान सलीमा टेटे ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया। इस गोल के साथ भारत 2-1 से आगे हो गया। इसके चार मिनट बाद यानी 39वें मिनट में भारत को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला। डेब्यू कर रहीं पूजा साहू ने इसे गोल में बदलकर भारत की बढ़त 3-1 कर दी। तीसरे क्वार्टर के अंत तक भारतीय टीम ने दो गोल की बढ़त बनाए रखी।
लालरेम्सियामी ने चौथा गोल कर जीत पर लगाई मुहर
चौथे क्वार्टर में भी भारत का आक्रामक खेल जारी रहा। 49वें मिनट में लालरेम्सियामी ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर दिया। इसके साथ ही भारत ने स्कोर 4-1 कर लिया। मुकाबले में इसके बाद कोई और गोल नहीं हुआ। डेब्यू मुकाबले में गोल करने वाली पूजा साहू को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भोपाल में पहली बार अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट
इस मुकाबले के साथ भोपाल ने पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी की। टूर्नामेंट के पहले दिन स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा और स्थानीय हॉकी प्रेमियों ने भारतीय टीम का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
चीन और जापान ने भी जीते अपने मुकाबले
टूर्नामेंट के पहले दिन अन्य मुकाबलों में चीन ने थाईलैंड को 7-0 से हराया। वहीं जापान ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से मात दी। जापान के लिए हनामी सैतो ने 59वें मिनट में निर्णायक गोल किया।
21 नवंबर को दक्षिण कोरिया से भिड़ेगा भारत
टूर्नामेंट में 20 नवंबर को विश्राम दिवस रखा गया है। इसके बाद 21 नवंबर को भारतीय टीम अपने दूसरे राउंड-रॉबिन मुकाबले में दक्षिण कोरिया के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। मलेशिया के खिलाफ शानदार जीत के बाद भारतीय टीम की कोशिश इसी लय को बरकरार रखते हुए खिताब बचाने के अभियान को आगे बढ़ाने की होगी।