रायपुर। विजयादशमी के अवसर पर राजधानी रायपुर की पुलिस लाइन में आस्था, परंपरा और शौर्य का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर पुलिस विभाग की ओर से विधि-विधान के साथ पारंपरिक शस्त्र पूजा की गई। पूजा में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने हिस्सा लेकर जिले में सुख-शांति, समृद्धि और नागरिकों की सुरक्षा की कामना की। शस्त्र पूजा के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने हवाई फायरिंग कर परंपरा का निर्वहन किया। इसके साथ ही पुलिस के वाहनों की भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ल सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
शक्ति और विजय का प्रतीक है शस्त्र पूजा
हिंदू मान्यताओं के अनुसार, आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि यानी विजयादशमी पर शस्त्रों की पूजा का विशेष महत्व है। इसे शक्ति, साहस और विजय का प्रतीक माना जाता है। पुलिस विभाग में भी शस्त्र पूजा गौरवशाली परंपरा का हिस्सा है, जो कर्तव्य, शौर्य और नागरिकों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
पुलिस कमिश्नर ने दी पर्व की शुभकामनाएं
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ल ने जिलेवासियों को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रायपुर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और सहयोग के लिए हमेशा तत्पर है।