जयपुर। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से आयोजित AIAPGET 2026 परीक्षा के दौरान जयपुर में बड़ी अव्यवस्था सामने आई। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित श्री सत्य साईं कॉलेज में ऑनलाइन परीक्षा के बीच अचानक बिजली चली गई, जिसके बाद कंप्यूटर सिस्टम बंद हो गए। इससे 49 अभ्यर्थी अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर सके।
घटना के बाद नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा और नारेबाजी की। परीक्षा केंद्र के ऑब्जर्वर ने बाद में प्रभावित अभ्यर्थियों की परीक्षा रद्द किए जाने की जानकारी दी। अब NTA ने इन 49 उम्मीदवारों के लिए 1 सितंबर 2026 को दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया है।
परीक्षा शुरू होने के 15-30 मिनट बाद चली गई बिजली
अभ्यर्थियों के मुताबिक परीक्षा शुरू होने के करीब 15 से 30 मिनट बाद बिजली चली गई। AIAPGET कंप्यूटर आधारित परीक्षा होने के कारण बिजली जाते ही परीक्षा केंद्र के कंप्यूटर सिस्टम बंद हो गए।
उम्मीदवारों का आरोप है कि केंद्र पर पर्याप्त पावर बैकअप या जनरेटर की व्यवस्था नहीं थी। बिजली आपूर्ति बहाल होने का इंतजार करने के बाद भी जब सिस्टम शुरू नहीं हुए तो अभ्यर्थियों को परीक्षा हॉल से बाहर निकालकर ग्राउंड में बैठाया गया।
49 अभ्यर्थियों की परीक्षा हुई प्रभावित
AIAPGET 2026 की पहली शिफ्ट में देशभर के 200 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई थी। इस शिफ्ट के लिए 36,979 उम्मीदवार पंजीकृत थे, जिनमें से 35,837 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।इनमें कुल 35,788 उम्मीदवारों की परीक्षा पूरी हो गई। वहीं जयपुर के श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज केंद्र पर 192 उम्मीदवार परीक्षा देने पहुंचे थे, लेकिन बिजली की समस्या के कारण 49 उम्मीदवारों का एग्जाम पूरा नहीं हो सका।
परीक्षा रद्द होने के बाद केंद्र के बाहर हंगामा
बिजली जाने के बाद परीक्षा का समय निकलता गया और बचे हुए समय की भरपाई नहीं की गई। इसके बाद उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र से बाहर कर दिया गया।परीक्षा रद्द होने की जानकारी मिलने पर अभ्यर्थियों ने केंद्र के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। छात्रों की मांग थी कि परीक्षा रद्द किए जाने का लिखित आदेश दिया जाए। कुछ अभ्यर्थियों ने सभी उम्मीदवारों की परीक्षा दोबारा कराने की मांग भी उठाई।
नकल को लेकर भी अभ्यर्थियों ने उठाए सवाल
कुछ उम्मीदवारों ने परीक्षा की निष्पक्षता को लेकर भी सवाल उठाए। उनका दावा है कि बिजली जाने के बाद जब सभी अभ्यर्थियों को एक साथ परीक्षा हॉल से बाहर निकाला गया, तब कुछ छात्रों के बीच प्रश्नों को लेकर चर्चा हुई।इसी आधार पर कुछ अभ्यर्थी पूरी परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित कराने की मांग कर रहे थे। हालांकि, इस संबंध में सामने आए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पावर सप्लाई की खराबी बनी विवाद की वजह
बिजली आपूर्ति बाधित होने को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। बताया गया कि पावर सप्लायर में खराबी के कारण बिजली चली गई थी। वहीं कुछ अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा के दौरान ही पावर सप्लाई की सर्विसिंग का काम किया जा रहा था।
1 सितंबर को दोबारा होगी परीक्षा
NTA ने प्रभावित 49 अभ्यर्थियों के लिए 1 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया है। यह परीक्षा राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर वूमन में आयोजित की जाएगी।इन उम्मीदवारों को दोबारा परीक्षा के लिए नया एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। नए एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
क्या है AIAPGET?
AIAPGET यानी ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट टेस्ट आयुर्वेद, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी से जुड़े पोस्ट ग्रेजुएट पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है।यह परीक्षा NTA की ओर से साल में एक बार कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) के रूप में आयोजित की जाती है। परीक्षा में 120 मल्टीपल चॉइस प्रश्न होते हैं और कुल 480 अंक निर्धारित हैं।
प्रत्येक सही उत्तर के लिए 4 अंक मिलते हैं, जबकि गलत उत्तर पर 1 अंक की नेगेटिव मार्किंग होती है। परीक्षा की अवधि 2 घंटे होती है।
राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में व्यवस्था पर उठे सवाल
जयपुर में बिजली आपूर्ति बाधित होने से परीक्षा प्रभावित होने के बाद कंप्यूटर आधारित राष्ट्रीय परीक्षा केंद्रों की तकनीकी और पावर बैकअप व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि ऐसी परीक्षाओं के लिए निर्बाध बिजली और वैकल्पिक पावर बैकअप की व्यवस्था जरूरी है।फिलहाल प्रभावित 49 उम्मीदवारों को दोबारा परीक्षा का अवसर दिया गया है।