Bhoot Bangla: बॉलीवुड की मशहूर जोड़ी अक्षय कुमार और निर्देशक Priyadarshan 14 साल बाद एक बार फिर हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ के लिए साथ आ रही है। फिल्म में अक्षय कुमार, वामिका गब्बी, परेश रावल, तब्बू और राजपाल यादव मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
कब होगी रिलीज?
यह फिल्म बालाजी मोशन पिक्चर्स और केप ऑफ गुड फिल्म्स के बैनर तले बनाई जा रही है। प्रियदर्शन के निर्देशन और अक्षय कुमार, शोभा कपूर व एकता आर. कपूर के प्रोडक्शन में यह मूवी 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अक्षय कुमार ने शेयर किया मजेदार वीडियो
फिल्म के प्रमोशन के दौरान अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह भगवा कपड़े पहने बिना सिर वाले शख्स के साथ घूमते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह शख्स से पूछते हैं, “भूत वूत होते हैं क्या?”
बिना सिर वाला शख्स जवाब देता है, पता नहीं सर, जबसे मैं पैदा हुआ हूं मेरी मां बोलती थी, मेरा बाप भूत है और मेरा बाप बोलता था मेरी मां भूत है, लेकिन मैंने ऐसा कुछ देखा ही नहीं सर। यह सब अफवाहें हैं, आप इन सब पर विश्वास मत करो। अक्षय ने वीडियो के कैप्शन में लिखा - भाई साहब से एक सवाल क्या पूछ लिया, बिना सिर पैर की बातें करने लग गया।
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं
फैंस और यूजर्स ने वीडियो पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। एक ने लिखा - ‘स्त्री 2’ के सर कटा को बुला लिया। दूसरे ने टिप्पणी कि, भगवा के अलावा और कोई रंग नहीं मिलता क्या। ये भगवा रंग हमारे साधु-संतों की पहचान है। इसके साथ मजाक क्यों चलता है। ‘भूत बंगला’ अपनी कॉमिक टाइमिंग और हॉरर-ह्यूमर के लिए चर्चा में बनी हुई है, और अक्षय कुमार का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Comments (0)