बॉलीवुड एक्ट्रेस एलेना किशोर कुमार की जन्मस्थली खंडवा पहुंचीं और उनके समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने किशोर दा के प्रसिद्ध गीत भी गुनगुनाए और इस दौरान भावुक नजर आईं।
हरफनमौला कलाकार और बॉलीवुड के सुपरस्टार किशोर कुमार की जन्मस्थली मध्य प्रदेश के खंडवा में शनिवार को बॉलीवुड एक्ट्रेस एलेना पहुंचीं। यहां उन्होंने किशोर दा की समाधि स्थल पर माथा टेककर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके प्रसिद्ध गीतों को भी गुनगुनाया। इस अवसर पर एलेना बेहद भावुक दिखाई दीं और महान कलाकार के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त की।
भारत ही नहीं, रूस में भी हैं किशोर दा के लाखों प्रशंसक
मीडिया से बातचीत में एलेना ने कहा कि किशोर कुमार केवल भारत में ही नहीं, बल्कि रूस समेत कई देशों में उनके करोड़ों प्रशंसक मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि किशोर कुमार जैसे कलाकार का जन्म बहुत विरले ही होता है। एलेना ने यह भी कहा कि ऐसे महान कलाकार को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए और वह व्यक्तिगत रूप से भी इस मांग का समर्थन करती हैं।
रूसी मूल की एलेना का बॉलीवुड से गहरा जुड़ाव
रूस की रहने वाली एलेना अब भारतीय फिल्म इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम बन चुकी हैं। उन्होंने ‘ज़ीरो’, ‘पार्टनर्स’, ‘कहता है ये दिल’, ‘फंस गए यारो’ और ‘मुंबई डायरीज़’ जैसी फिल्मों और वेब सीरीज़ में अहम भूमिकाएं निभाई हैं। भारतीय संस्कृति और बॉलीवुड के प्रति उनका लगाव ही उन्हें बार-बार भारत और ऐसे ऐतिहासिक स्थलों तक खींच लाता है, जहां भारतीय सिनेमा के स्वर्णिम इतिहास की यादें बसी हैं।
Comments (0)