तेलुगू फिल्म जगत के लोकप्रिय चेहरों रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा का बहुप्रतीक्षित मिलन आखिरकार साकार हो गया है। सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार दोनों ने 26 फरवरी को विवाह बंधन में बंधकर जीवन का नया अध्याय शुरू कर दिया है। हालांकि आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन शादी से जुड़ी सूचनाओं ने उनके प्रशंसकों में उत्साह भर दिया है।
अरावली की पहाड़ियों में सजी थी सादगी और सौंदर्य की शादी
यह विवाह शहरों की हलचल से दूर, उदयपुर से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित शांत और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर आईटीसी मोमेंटोस में संपन्न हुआ। अरावली की गोद में बसे इस स्थल ने इस विवाह को एक आध्यात्मिक और पवित्रता से भरा माहौल दिया। शादी के समारोह 24 फरवरी से शुरू हुए थे और परिवार के सदस्यों व चुनिंदा मेहमानों की मौजूदगी में पूरी गोपनीयता और गरिमा के साथ सम्पन्न हुए।
'प्राइमल' थीम ने लौटाया विवाह को उसकी मूल जड़ों की ओर
इस शादी की सबसे अनोखी बात इसका विशेष थीम 'प्राइमल' रहा। इस थीम का उद्देश्य था विवाह को उसकी मूल जड़ों, परंपराओं और प्रकृति की ऊर्जाओं से जोड़ना। पूरे आयोजन में मिट्टी, लकड़ी, पुष्प, पारंपरिक प्रतीकों और प्राकृतिक रंगों का उपयोग किया गया। ऐसा वातावरण रचा गया जो दर्शाता है कि विवाह केवल एक रस्म नहीं, बल्कि वह पवित्र संयोग है जहां से सृष्टि और जीवन की शुरुआत मानी जाती है। हर अनुष्ठान बिल्कुल पारंपरिक रूप में निभाया गया, जैसे पुराने समय की भारतीय शादियों में होता था—बिना आडंबर, बिना ज्यादा दिखावे, केवल भावनाएं, संस्कार और आत्मीयता।
पहली तेलुगू शादी हुई संपन्न, शाम को कोडावा रीति से दूसरा विवाह
सूत्रों ने बताया है कि रश्मिका और विजय ने दो रीति-रिवाजों से विवाह करने का निर्णय लिया था ताकि दोनों की परंपराओं का सम्मान हो सके। इनमें से पहली तेलुगू शादी पूरी हो चुकी है और अब शाम को कोडावा रीति-रिवाज से दूसरी शादी संपन्न होने जा रही है। यह पहल उनके रिश्ते में दोनों परिवारों और संस्कृतियों की समान भागीदारी का सुंदर संदेश देती है।
मां के शादी वाले गहने पहनेंगी रश्मिका, भावनाओं से भरा होगा पल
सूत्रों ने यह भी बताया है कि शाम को होने वाली कोडावा शादी के लिए रश्मिका मंदाना अपनी मां के शादी वाले गहने पहनेंगी। यह वही पारंपरिक जूलरी है जिसे उनकी मां ने अपनी शादी में धारण किया था। इस भावुक और परंपराओं से जुड़े निर्णय ने विवाह के इस पल को और भी खास और यादगार बना दिया है।
सादगी से की थी सगाई, अब मुकम्मल हुआ प्यार
पिछले वर्ष अक्टूबर २०२५ में दोनों ने बेहद सादगी से सगाई की थी, जिसका खुलकर ऐलान उन्होंने कभी नहीं किया, लेकिन प्रशंसकों ने अक्सर उनकी उंगलियों में सगाई की अंगूठियां देख इस रिश्ते की पुष्टि महसूस की। अब विवाह की खबरों ने उनके चाहने वालों के उत्साह को चरम पर पहुंचा दिया है।
Comments (0)