मौजूदा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने संयुक्त अरब अमीरात में रह रहे भारतीयों और अन्य प्रवासियों के लिए एक भावनात्मक और आश्वस्त करने वाला संदेश साझा किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि यूएई में उनका बड़ा परिवार और वहां रहने वाले सभी लोगों के लिए मौजूदा सुर्खियां भारी लग सकती हैं, लेकिन घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि इस देश की नींव शांति, मजबूती और आपसी भाईचारे की भावना पर टिकी है।
200 से अधिक देशों के लोग यूएई में रहते हैं
विवेक ओबेरॉय ने बताया कि 200 से अधिक देशों के लोग यूएई में रहते हैं, फिर भी सभी एक बड़े परिवार की तरह एक-दूसरे का ख्याल रखते हैं। उन्होंने यूएई सरकार, देश की सशस्त्र सेनाओं और नेशनल सेंटर ऑफ मेटियोरोलॉजी एंड अर्थक्वेक की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं की निडर नेतृत्व क्षमता, अथक सुरक्षा प्रयास और समय पर जारी किए गए अलर्ट नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।
अफवाहों से दूर रहें - विवेक ओबेरॉय
अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने यह भी कहा कि भारत और यूएई के बीच संबंध एक मजबूत पुल की तरह हैं, जहां हर व्यक्ति की सुरक्षा और भलाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे शांत रहें, आधिकारिक निर्देशों का पालन करें और अफवाहों से दूर रहें।
Comments (0)