चीन भारत के खिलाफ साजिश रचने के लिए हमेशा से कोई न कोई नई चाल चलते आ रहा है। कभी बॉर्डर पर दखलअंदाजी तो कभी पाकिस्तान की मदद करके। लेकिन इस बार ड्रैगन ने जो चाल चली है वह और भी खतरनाक है। दरअसल, चीन ने भारत के खिलाफ एक नया डिजिटल वॉर शुरू किया है।
खुफिया सूत्रों के अनुसार, चीन एक मोबाइल ऐप, रेडनोट का इस्तेमाल कर रहा है। यह ऐप लोगों को पैसे और इनाम का लालच देकर भारत विरोधी सामग्री साझा करने के लिए उकसाता है। अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर और असम जैसे पूर्वोत्तर राज्यों के लोग इस ऐप के निशाने पर हैं।
यह ऐप युवाओं में भारत के प्रति अविश्वास पैदा करने और चीन के करीब होने के फायदे बताने की कोशिश कर रहा है। सरकार इस ऐप पर प्रतिबंध लगाने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है। पहले भी राष्ट्रीय सुरक्षा कारणों से कई चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया गया था।
क्या है रेडनोट एप
रेडनोट ऐप बाहर से देखने में सामान्य लगता है। लेकिन, इसके अंदर नकली RAW (रिसर्च एंड एनालिसिस विंग) दस्तावेज, भारत के गलत नक्शे, बदले हुए वीडियो और पाकिस्तान के विचारों से जुड़ी सामग्री भरी हुई है। खुफिया सूत्रों का कहना है कि इस ऐप के पीछे चीन और पाकिस्तान के मनोवैज्ञानिक युद्ध के विशेषज्ञ हैं। वे इस ऐप का इस्तेमाल भारतीयों के दिमाग और समाज में घुसपैठ करने के लिए कर रहे हैं। सूत्रों ने कहा कि चीन जानता है कि पूर्वोत्तर भारत राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से बहुत संवेदनशील है। इसलिए वह वही रणनीति अपना रहा है जो उसने पहले अफ्रीका, ताइवान और हांगकांग में अस्थिरता पैदा करने के लिए इस्तेमाल की थी।
Comments (0)