कोलकाता डेस्क: सुबह का समय हर घर में काफी व्यस्त होता है। ऑफिस जाने वालों को खुद तैयार होने के साथ-साथ बच्चों को स्कूल के लिए तैयार करना होता है। ऐसे में रोजाना नाश्ते में क्या बनाया जाए, यह एक बड़ी परेशानी बन जाती है। समय की कमी के चलते अक्सर ब्रेड-बटर या सैंडविच जैसे नाश्ते ही बार-बार बनाने पड़ते हैं। इससे बच्चे भी एक जैसा नाश्ता खाकर जल्दी बोर हो जाते हैं। अगर आपके घर में भी ब्रेड हमेशा मौजूद रहती है, तो आप इससे कई झटपट और स्वादिष्ट नाश्ते तैयार कर सकते हैं। खास बात यह है कि इनमें से ज्यादातर रेसिपी 10 से 15 मिनट में तैयार हो जाती हैं।
चटपटा और मसालेदार ब्रेड पोहा करें ट्राई
अगर आप पारंपरिक पोहा खाते-खाते बोर हो चुके हैं, तो ब्रेड पोहा आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और इसके लिए बहुत ज्यादा सामग्री की भी जरूरत नहीं पड़ती। सबसे पहले ब्रेड की स्लाइस को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर अलग रख लें। अब कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करके उसमें राई, करी पत्ता, हरी मिर्च और बारीक कटा प्याज डालकर भूनें। प्याज हल्का सुनहरा होने पर इसमें हल्दी, नमक और थोड़ा लाल मिर्च पाउडर डालकर मिला लें। इसके बाद ब्रेड के टुकड़े डालें और ऊपर से थोड़ा पानी छिड़ककर करीब 2 मिनट धीमी आंच पर पकाएं। आखिर में हरा धनिया और नींबू का रस डालकर मिलाएं और गरमा-गरम ब्रेड पोहा परोसें।
हर मौके के लिए परफेक्ट है क्रिस्पी ब्रेड रोल
ब्रेड रोल सुबह के नाश्ते के साथ-साथ बच्चों के टिफिन या शाम की चाय के लिए भी बढ़िया विकल्प है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले उबले हुए आलू को अच्छी तरह मैश कर लें। आलू में बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, नमक, अमचूर पाउडर और गरम मसाला मिलाकर भरावन तैयार करें। अब ब्रेड के किनारों को काटकर अलग कर दें और ब्रेड को हल्का सा पानी लगाकर नरम करें।हथेली से दबाकर अतिरिक्त पानी निकालें और बीच में तैयार किया हुआ आलू का मसाला रखें। ब्रेड को सावधानी से रोल का आकार दें और गर्म तेल में सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें। इसे हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ गर्मागर्म परोसें, बच्चों को भी इसका स्वाद काफी पसंद आएगा।
साउथ इंडियन स्वाद पसंद है तो बनाएं स्पाइसी ब्रेड उपमा
अगर आपको दक्षिण भारतीय व्यंजन पसंद हैं, तो ब्रेड उपमा नाश्ते के लिए एक मजेदार विकल्प हो सकता है। इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इसे कम तेल में भी आसानी से तैयार किया जा सकता है। सबसे पहले पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें राई, उड़द दाल, करी पत्ता और सूखी लाल मिर्च का तड़का लगाएं। अब इसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर और अपनी पसंद की सब्जियां जैसे शिमला मिर्च या मटर डालें। सब्जियों के हल्का पकने के बाद इसमें नमक और हल्दी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद ब्रेड के छोटे टुकड़े डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर करीब 2 मिनट ढककर पकाएं। आखिर में भुनी हुई मूंगफली डालकर गर्मागर्म परोसें, इससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाएगा।
बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाएगा इंस्टेंट ब्रेड पिज्जा
अगर बच्चे रोजाना पिज्जा खाने की जिद करते हैं, तो आप घर पर ही ब्रेड से झटपट पिज्जा बना सकते हैं। इसके लिए आपको महंगा पिज्जा बेस खरीदने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। सबसे पहले ब्रेड की स्लाइस पर पिज्जा सॉस या शेजवान सॉस की एक पतली परत लगाएं। इसके ऊपर बारीक कटी शिमला मिर्च, टमाटर, प्याज और स्वीट कॉर्न डालें। अब ऊपर से भरपूर मात्रा में चीज डालकर चिली फ्लेक्स और ओरिगैनो छिड़कें। तवे पर थोड़ा बटर लगाकर ब्रेड रखें और इसे ढककर धीमी आंच पर करीब 3 से 4 मिनट पकाएं। जब चीज अच्छी तरह पिघल जाए और ब्रेड नीचे से कुरकुरी हो जाए, तो आपका इंस्टेंट ब्रेड पिज्जा तैयार है।
मीठा खाने का मन हो तो बनाएं स्वीट ब्रेड हलवा
अगर नाश्ते में कुछ मीठा खाने का मन है, तो ब्रेड से बनने वाला स्वीट हलवा एक आसान विकल्प है। इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती और यह कम समय में तैयार हो जाता है। सबसे पहले ब्रेड के टुकड़ों को देसी घी में हल्का सुनहरा होने तक फ्राई या टोस्ट कर लें। दूसरे पैन में दूध गर्म करें और उसमें स्वाद के अनुसार चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। दूध में उबाल आने पर इसमें टोस्ट किए हुए ब्रेड के टुकड़े डाल दें। ब्रेड दूध को सोख लेगी, इसके बाद इसे लगातार चलाते हुए मैश करें, जब तक मिश्रण हलवे जैसा गाढ़ा न हो जाए। आखिर में इलायची पाउडर और कटे हुए काजू-बादाम डालकर गर्मागर्म सर्व करें।