भोपाल। मध्यप्रदेश में दुग्ध उत्पादन और सहकारी डेयरी व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज 3 अक्टूबर 2026 को भोपाल के बीएचईएल दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में 35 हजार से अधिक गौपालकों और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे, जबकि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अनुसार, सम्मेलन के जरिए मध्यप्रदेश में दुग्ध क्षेत्र को नई दिशा देने के साथ पशुपालन और सहकारिता से जुड़ी कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा।
गौपालक दीदियों का होगा सम्मान
सम्मेलन में पशुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली गौपालक दीदियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र भी हितग्राहियों को वितरित किए जाएंगे।
उज्जैन में 3 लाख लीटर क्षमता वाले डेयरी प्लांट का भूमि-पूजन
अमित शाह उज्जैन में प्रस्तावित अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का वर्चुअल भूमि-पूजन करेंगे। इस प्लांट की प्रसंस्करण क्षमता 3 लाख लीटर बताई गई है।वहीं भोपाल में तैयार किए गए 40 हजार लीटर उत्पादन क्षमता वाले फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का भी शुभारंभ किया जाएगा।
राज्य स्तरीय डेयरी परीक्षण प्रयोगशाला का शुभारंभ
भोपाल स्थित मध्यप्रदेश स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन परिसर में बनाई गई सहकारी क्षेत्र की पहली अत्याधुनिक राज्य स्तरीय डेयरी परीक्षण प्रयोगशाला का शुभारंभ भी कार्यक्रम में किया जाएगा।इसके अलावा शिवपुरी के मिनी डेयरी संयंत्र को भी शुरू किया जाएगा।
दुग्ध उत्पादकों को मिलेगा बोनस
गौपालक सम्मेलन में भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ से जुड़े दुग्ध उत्पादकों को बोनस राशि का वितरण किया जाएगा। इससे सहकारी दुग्ध समितियों से जुड़े उत्पादकों को सीधे आर्थिक भुगतान किए जाने का कार्यक्रम है।
गौशालाओं को जुलाई-अगस्त 2026 की अनुदान राशि
सम्मेलन के दौरान प्रदेश सरकार द्वारा पंजीकृत और संचालित गौशालाओं में संरक्षित गोवंश के रखरखाव एवं भरण-पोषण के लिए जुलाई और अगस्त 2026 की अनुदान राशि का ऑनलाइन DBT के माध्यम से वितरण किया जाएगा।यह राशि गौशालाओं में संरक्षित गोवंश के भोजन, रखरखाव और भरण-पोषण से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए दी जानी है।
35 हजार से ज्यादा गौपालकों की मौजूदगी
राज्य स्तरीय सम्मेलन में भोपाल के साथ प्रदेश के कई जिलों से गौपालकों और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े सदस्यों के पहुंचने की जानकारी है। सम्मेलन में 35 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी प्रस्तावित है।